करनाल, 24 अप्रैल। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि जिला में स्थानीय निकाय और पंचायती राज संस्थाओं के खाली पदों के उप चुनाव के लिए नामांकन 21 अप्रैल से शुरू हो चुका है। नामांकन पत्र 25 अप्रैल तक भरे जा सकते हैं। जिला में जिला परिषद वार्ड नंबर 10 के लिए आज 24 अप्रैल को 2 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया हैं। इनमें सलिंदर कुमार पुत्र कृष्ण चंद निवासी गढ़ी बीरबल और पाल सिंह पुत्र हरी राम निवासी दादूपुर रोडान शामिल हैं। अब तक इस वार्ड से 4 नामांकन पत्र प्राप्त हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि तरावड़ी पालिका के वार्ड नंबर आठ के उप चुनाव के लिए अभी तक कोई नामांकन पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। पंचायती राज संस्थाओं के खाली पदों पर सरपंच पद के लिए दो, पंच पद के लिए तीन नामांकन पत्र प्राप्त हुए है। उन्होंने बताया कि प्राप्त नामांकन पत्रों की छंटनी 27 अप्रैल को की जाएगी। 28 अप्रैल को सुबह 11 से दोपहर बाद तीन बजे तक नामांकन वापस लिए जा सकते हैं। इसी दिन तीन बजे के बाद उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए जाएंगे। चुनाव दस मई को सुबह आठ से शाम छह बजे तक होगा। वोटों की गिनती 13 मई को की जाएगी।
