करनाल, 20 अप्रैल। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने सोमवार को सेक्टर 6 में 2 करोड़ 94 लाख व सेक्टर 7 में एक करोड़ 92 लाख की लागत से ग्रीन बेल्ट के सौंदर्यीकरण के लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण व नगर निगम के सहयोग से किए जाने वाले निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने बताया कि सौंदर्यीकरण के लिए ग्रीन बेल्ट में ग्रिल सहित चारदीवारी और फुटपाथ रास्ता बनाया जाएगा। इसमें यहां के निवासियों के लिए ओपन जिम, बच्चों के खेलने के लिए उपकरण, लोगों के बैठने के लिए बैंच, कूड़ादान, बारिश से बचने के लिए आश्रय आदि की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि ग्रीन बेल्ट में घास व पौधे भी लगाए जाएंगे। यह कार्य लगभग एक साल में पूरा कर लिया जाएगा।

इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सेक्टर 6 व 7  का क्षेत्र घरौंडा विधानसभा में आता है। पिछले साढ़े नौ सालों में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने  हरियाणा के मुख्यमंत्री रहते हुए जो भी कार्य किए हैं, उन्हें यहां की जनता भुला नहीं पाएगी। उन्होंने सेक्टर 6 व 7 के आसपास की सभी कॉलोनियों को नियमित किया है। यहां यूनिवर्सिटी, रिंग रोड, नहरों व पुलों का निर्माण कराया गया है। यहां के स्कूलों को अपग्रेड किया जा रहा है। स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर हुई हैं। अब तो करनाल को नया सिविल अस्पताल मिलने जा रहा है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि जिला के सभी विधायक तत्परता से विकास कार्य कर रहे हैं। यह क्षेत्र राजनीतिक दृष्टि से मजबूत हुआ है। अब करनाल में रैपिड मेट्रो परियोजना पर भी काम शुरू हो गया है। यहां के प्रवासी लोगों के लिए छठ पूजा के लिए भी व्यवस्था की गई है। प्रवासी नागरिकों के त्योहारों को भी भव्यता के साथ मनाया जाता है। क्षेत्रवासियों की सभी जरूरतों को पूरा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ग्रीन बेल्ट के सौंदर्यीकरण से बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों को क्वालिटी समय बिताने के लिए एक अच्छी जगह मिलेगी।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के सपने को नारी शक्ति के बिना पूरा नहीं किया जा सकता। केंद्र व प्रदेश सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। प्रधानमंत्री देश की मजबूती के लिए दिन के 20-20 घंटे कार्य करते हैं और उनकी टीम पूरी ईमानदारी और सेवा भाव से कार्य कर रही है। नौकरियों में पारदर्शिता आई है, जहां एक ओर सरकार लोगों की मूलभूत जरूरतों को पूरा करने के लिए कार्य कर रहे है, वहीं लोगों की भी जिम्मेदारी बनती है कि अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का भी ईमानदारी से निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि कई देश आपस में लड़ रहे हैं लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों में अपना देश सुरक्षित है। सडक़ों के निर्माण व सुदृढ़ीकरण कार्य में होने वाली देर को लेकर उन्होंने बताया कि दुनिया में युद्ध के कारण तेल का संकट गहराया है, तारकोल का उत्पादन कम हो रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी कहा है कि तारकोल की कमी को पूरा किया जाएगा और आवश्यकतानुसार आयात करके तय समय सीमा में सडक़ो का कार्य पूरा करवाया जाएगा।
इस मौके पर विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि क्षेत्रवासियों को सेक्टर 6 व 7 के ग्रीन बेल्ट के सौंदर्यीकरण के लिए होने वाले निर्माण कार्य के शिलान्यास के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह निर्माण कार्य लगभग 5 करोड़ की लागत से करवाया जा रहा है। विकास कार्यों के लिए पैसों की कोई कमी नहीं है। सरकार के साथ-साथ लोगों की भी जिम्मेदारी है कि निर्माण कार्य के दौरान गुणवत्ता का ध्यान रखें। विकास कार्य जनता के दिए टैक्स का पैसा है। इस कार्य को जल्द ही पूरा करवाया जाएगा।

इस मौके पर मेयर रेनू बाला गुप्ता ने कहा कि शहीद ऊधम सिंह चौंक से सैक्टर 6 व 7 तक सडक़ निर्माण का कार्य तेज गति से चल रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता का ध्यान रखें। मेयर ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का धन्यवाद किया और कहा कि विकसित भारत-विकसित हरियाणा की तर्ज यह जिला भी विकसित करनाल की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

इस मौके पर एस्टेट अधिकारी अदिति, मंडल महामंत्री राजेश लाठर व विक्रमपाल, राम आसरे, प्रमाल, निधि भारद्वाज, राजेश अरोड़ा, धीरज खरकाली, भूपेंद्र नोतना, पप्पू लाठर, संकल्प भंडारी, मुकेश अरोड़ा मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *