अंबाला, 20 अप्रैल-  
स्वास्थ्य विभाग हरियाणा द्वारा जिला अम्बाला में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों हेतु विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान उन बालिकाओं के लिए है जिन्होंने 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है तथा 15 वर्ष से अधिक नहीं हैं।
डिप्टी सिविल सर्जन डा. नीलम कुशवाहा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान के अंतर्गत पात्र किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन (गार्डासिल) की एकल खुराक (सिंगल डोज) नि:शुल्क प्रदान की जाएगी। टीकाकरण की सुविधा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तथा सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) पर उपलब्ध रहेगी।
अभियान को सफल बनाने के लिए आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर सर्वेक्षण कर रही हैं। इस दौरान पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उनकी लाइन लिस्टिंग की जाएगी, ताकि कोई भी योग्य किशोरी इस महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच से वंचित न रहे।
सर्वाइकल कैंसर क्या है?
सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में गर्भाशय ग्रीवा (सर्विक्स) में होने वाला एक गंभीर कैंसर है, जो मुख्यत: ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) संक्रमण के कारण होता है। यह रोग धीरे-धीरे विकसित होता है और प्रारंभिक अवस्था में इसके लक्षण स्पष्ट नहीं होते। समय पर टीकाकरण एवं जागरूकता के माध्यम से इस बीमारी की रोकथाम संभव है।
एचपीवी वैक्सीन के प्रमुख लाभ
सर्वाइकल कैंसर के मुख्य कारण बनने वाले वायरस से सुरक्षा प्रदान करती है।
किशोरावस्था में टीकाकरण से भविष्य में कैंसर का जोखिम काफी कम हो जाता है।
वैक्सीन सुरक्षित, प्रभावी और वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित है।
एकल खुराक से भी प्रभावी सुरक्षा प्राप्त होती है।
डॉ. नीलम कुशवाहा ने अभिभावकों से अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय सहयोग करें और अपनी बेटियों का समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि उन्हें भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसे गंभीर रोग से सुरक्षित रखा जा सके। यह अभियान बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *