नागरिक स्व-गणना प्रक्रिया में लें सक्रिय रूप से भाग, भरें सही व पूर्ण जानकारी: उपायुक्त
करनाल, 15 अप्रैल। उपायुक्त डॉ आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि जनगणना 2027 के पहले चरण में नागरिक स्वयं भी अपनी जनगणना कर सकेंगे। यह नई सुविधा 16 अप्रैल से शुरू होगी और 30 अप्रैल तक चलेगी, जिसके तहत आमजन ऑनलाइन पोर्टल se.census.gov.in के माध्यम से अपने परिवार का विवरण भर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि यह पोर्टल घर-घर जाकर जनगणना शुरू होने से पहले लगभग 15 दिनों के लिए खुला रहेगा। इस दौरान नागरिक अपने मोबाइल नंबर से लॉग इन कर निर्धारित 33 प्रश्नों के उत्तर भर सकते हैं। पूरी प्रक्रिया 15 से 20 मिनट में पूरी हो जाती है।
उन्होंने बताया कि जानकारी सफलतापूर्वक जमा करने के बाद नागरिकों को 11 अंकों की एक यूनीक स्व-गणना आईडी प्राप्त होगी। जब जनगणना अधिकारी सत्यापन के लिए घर आएंगे, तो केवल यह आईडी साझा करनी होगी, जिससे पूरी प्रक्रिया तेज और सरल हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह सुविधा पहली बार लागू की जा रही है, जो पूरी तरह नागरिक हितैषी और तकनीक आधारित है। जिससे प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, त्वरित एवं प्रभावी बनाया जा सके। इस कार्य के लिए जन सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। पोर्टल अंग्रेजी सहित 14 क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध रहेगा, जिससे अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल होगी। जनगणना कर्मी मोबाइल ऐप के माध्यम से डेटा एकत्र करेंगे, जो सीधे केंद्रीय सर्वर पर अपडेट होगा।
उपायुक्त डॉ आनंद कुमार शर्मा ने नागरिकों से अपील की कि वे 16 से 30 अप्रैल के दौरान स्व-गणना प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लें और सही एवं पूर्ण जानकारी प्रदान करें। उन्होंने कहा कि यह सहभागिता राज्य की बेहतर योजना निर्माण, सेवा वितरण में सुधार तथा समग्र विकास को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि नागरिकों द्वारा प्रदान की गई सभी जानकारी गोपनीय एवं सुरक्षित रखी जाएगी। इन आंकड़ों का उपयोग केवल सांख्यिकीय एवं विकासात्मक उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।
