करनाल, 10 अप्रैल। जिला की मंडियों में गेहूं की आवक जारी है। मंडियों में गेहूं की आवक के दृष्टिगत जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक प्रबंध पहले से ही पूरे कर लिए गए थे जिनका समय-समय पर निरीक्षण किया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को हरियाणा वित्त विभाग के आयुक्त एवं सचिव सी. जी. रजनी कांथन व उपायुक्त उत्तम सिंह सहित अन्य अधिकारियों द्वारा अनाज मंडियों का दौरा कर फसल खरीद व उठान व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उपायुक्त उत्तम सिंह ने बताया कि गत दिवस तक जिला में करीब 1 लाख 8 हजार 732 मीट्रिक टन की आवक विभिन्न परचेज सेंटरों व मंडियों में हुई। उन्होंने बताया कि विभिन्न खरीद एजेंसियों द्वारा 27242 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया जिसमें से खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा 10764 मीट्रिक टन, हैफेड द्वारा 11385 मीट्रिक टन तथा हरियाणा वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन द्वारा 5093 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया।
उन्होंने बताया कि जिला में गेहूं की फसल की बिक्री के दौरान किसानों को आने वाली किसी भी प्रकार की समस्या के त्वरित समाधान के लिए डीआरओ कार्यालय में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसके साथ ही गेहूं खरीद प्रक्रिया को सुचारू बनाने और किसानों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 0184-2267271 व 0184-2980735 जारी किए गए हैं। यह हेल्पलाइन सेवा प्रतिदिन प्रात: 6.00 बजे से रात्रि 8.00 बजे तक क्रियाशील रहेगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे पंजीकृत नंबर वाले ट्रैक्टर ही मंडियों मेंं लेकर आएं। यदि किसी विशेष परिस्थिति में किसान ऐसा नहीं कर पाते हैं, तो उन्हें संबंधित एसडीएम से अनुमति लेनी होगी।
