पुलिस विभाग ने काटे 15 हजार 540 चालान, वाहन चालकों पर लगाया 5 करोड़ 90 लाख 30 हजार 650 रुपए का जुर्माना,आरटीए विभाग ने लगाया 81 लाख 52 हजार रुपए का जुर्माना
60 दिन में 37 लोगों की सडक़ दुर्घटनाओं में हुई मृत्यु,हिट एंड रन मामलों में 13 दुर्घटनाओं में क्लेम हुए पारित,25 लोगों की बिना हेलमेंट पहनने से हुई मृत्यु,कुरुक्षेत्र में 6 अति संवेदनशील जगह जहां पर हुई 39 सडक़ दुर्घटनाएं,रोड सेफ्टी की बैठक में रखे 11 नए मुद्दे,ग्रिल तोडकर रास्ता बनाने पर 26 लोगों के खिलाफ दर्ज की एफआईआर
कुरुक्षेत्र, 25 मार्च। 
अतिरिक्त उपायुक्त विवेक आर्य ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा बहुत जरूरी है, इसलिए स्कूल बस संचालकों को हर कीमत पर सरकार द्वारा निर्धारित औपचारिकताओं और नियमों को पूरा करना होगा। अगर किसी भी स्तर पर खामी पाई गई तो नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इन बसों की निरंतर चैकिंग के लिए आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए गए है।
एडीसी विवेक आर्य बुधवार को लघु सचिवालय के सभागार में जिला रोड सेफ्टी की मासिक बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। इससे पहले आरटीए इंस्पेक्टर जोगिन्द्र सिंह ने रोड सेफ्टी के मुद्दों को हाउस के समक्ष के रखा और एक एक मुद्दे पर सम्बन्धित विभाग द्वारा की गई कार्रवाई को प्रस्तुत की है। एडीसी विवेक आर्य ने कहा कि सडक़ दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सभी विभागों के अधिकारियों को साझे प्रयास करने होंगे और जहां जहां कमी है उन कमियों को दूर करना होगा। इस विषय को गंभीरता से लेकर कार्रवाई करनी होगी।
उन्होंने कहा कि पिपली से लेकर अनाजमंडी पिपली तक सडक़ के दोनों तरफ अतिक्रमण को जल्द से जल्द हटाया जाए,ब्रह्मïसरोवर के अंदर और बाहर की तरफ सीसीटीवी कैमरों को जल्द से जल्द स्थापित करने, सडक़ों से सम्बन्धित जितने भी लम्बित कार्य है उन्हें जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि थानेसर शहर में खराब पड़ी सडकों की मुरम्मत की जाए, सडक़ों के निर्माण कार्य को निर्धारित समय अवधि में पूरा किया जाए और जिन सडक़ों का टेंडर जारी किया गया है उसे तेजी से पूरा किया जाए। इस मौके पर एसडीएम अनुभव मेहता, सीईओ केडीबी पंकज सेतिया,  नगराधीश आशीष कुमार, डीएसपी निर्मल सिंह सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी मौजूद थे।
पुलिस विभाग ने काटे 15 हजार 540 चालान, वाहन चालकों पर लगाया 5 करोड़ 90 लाख 30 हजार 650 रुपए का जुर्माना
एडीसी विवेक आर्य ने कहा कि पुलिस प्रशासन ने फरवरी 2026 में कुल 15 हजार 540 चालान किए है। इनमें ओवर स्पीड के 7138, बिना हेलमेट के 1679, लेन चेंज के 1399, रांग साइड पार्किंग के 1208, हाई सिक्योरिटी प्लेट ना होने पर 1123 चालान शामिल है। इन सभी वाहन चालकों पर 5 करोड़ 90 लाख 30 हजार 650 रुपए का जुर्माना किया है।
आरटीए विभाग ने लगाया 81 लाख 52 हजार रुपए का जुर्माना
एडीसी ने कहा कि आरटीए विभाग ने फरवरी 2026 में कुरुक्षेत्र जिले में नाकाबंदी करके ओवर लोडिंग के 229 चालान किए है। इन वाहन चालकों पर 81 लाख 52 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है।
60 दिन में 37 लोगों की सडक़ दुर्घटनाओं में हुई मृत्यु
एडीसी विवेक आर्य ने रोड सेफ्टी की बैठक में रखे गए आंकडों के अनुसार कुरुक्षेत्र में जनवरी और फरवरी माह में 37 लोगों की सडक़ दुर्घटनाओं में मृत्यु हुई है। इस वर्ष गत वर्ष की तुलना में 42 प्रतिशत दुर्घटनाओं में मृत्यु दर में कमी आई है।
हिट एंड रन मामलों में 13 दुर्घटनाओं में क्लेम हुए पारित
एडीसी ने कहा कि कुरुक्षेत्र में हिट एंड रन के 22 मामले सामने आए, इनमें से पुलिस की तरफ से 21 मामले एसडीएम कार्यालयों में भेजे गए और इनमें से 13 केसों में क्लेम पारित हुए है और 8 केस संबंधित एसडीएम कार्यालयों में लंबित है। इन सभी को जल्द ही सरकार की योजना के अनुसार लाभ दिया जाएगा।
25 लोगों की बिना हेलमेट पहनने से हुई मृत्यु
पुलिस विभाग की तरफ से लोगों को लगातार ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसके बावजूद पुलिस ने इस वर्ष अब तक 25 लोगों की बिना हेलमेट पहनने से मृत्यु होने के केस दर्ज किए है। इसके अलावा 22 लोगों को गंभीर चोट और 2 को मामूली चोट आई है। इसके साथ ही बिना सीट बेल्ट के 11 लोगों की मृत्यु हुई है, 2 लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए है और एक को मामूली चोट लगी है।
कुरुक्षेत्र में 6 अति संवेदनशील जगह जहां पर हुई 39 सडक़ दुर्घटनाएं
रोड सेफ्टी की बैठक में कुरुक्षेत्र के सडक़ दुर्घटनाओं के मामलों में 6 अति संवेदनशील जगहों में जिनमें पिपली चौक, खानपुर कोलिया, बीड मथाना, निवारसी , लाडवा रोड, मीरी पीरी अस्पताल शाहबाद शामिल है, पर अब तक 39 सडक़ दुर्घटनाएं हुई है। इन सडक़ दुर्घटनाओं में 15 लोगों की मृत्यु हुई है। एडीसी विवेक आर्य ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आदेश दिए है कि सडक़ दुर्घटनाओं को रोकने के लिए और अधिक प्रयास किए जाए और पिपली चौक पर लगातार हो रही सडक दुर्घटनाओं के मामलों पर विशेष फोकस रखकर कार्य करने के आदेश दिए है।
रोड सेफ्टी की बैठक में रखे 11 नए मुद्दे
आरटीए इंस्पेक्टर जोगिन्द्र सिंह ने रोड सेफ्टी की बैठक में 11 नए मामले रखे है। इन सभी मामलों में एडीसी ने तुरंत कार्रवाई करने के उपरांत अपनी रिपोर्ट रोड सेफ्टी के अधिकारियों को सौंपने के निर्देश दिए है। इनमें से अधिकतर मामले एनएचएआई पर ढाबा मालिकों द्वार ग्रिल तोडने व सडक़ों की रिपेयर करने से सम्बन्धित है।
ग्रिल तोडकर रास्ता बनाने पर 26 लोगों के खिलाफ दर्ज की एफआईआर
एनएचएआई के अधिकारी भानू प्रताप ने रोड सेफ्टी की बैठक में कहा कि एनएच 44 पर कुरुक्षेत्र जिले की सीमा में ग्रिल या सीमेंट दीवार तोडकर रास्ता बनाने पर 26 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इन सभी पर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। अगर अभी भी किसी व्यक्ति ने नियमों की अवहेलना की तो नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि पिपली चौक पर स्लीप वे बनाने की अनुमति विभाग ने दे दी है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *