-आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों और स्वास्थ्य केंद्रों पर एनीमिया जांच और आयरन सप्लीमेंटेशन के लिए करेंगे समन्वय स्थापित
लाडवा, 25 मार्च।
 एसडीएम लाडवा अनुभव मेहता ने कहा कि एचपीवी टीकाकरण के लाभ को देखते हुए इसको ज्यादा से ज्यादा अमल में लाने के लिए जागरूकता फैलाएं। एचपीवी के लिए बाजार में प्राइवेट प्रैक्टिशनर के द्वारा यह टीकाकरण 2500 रुपए में किया जा रहा है, जबकि सरकारी संस्था में यह बिल्कुल निशुल्क उपलब्ध है। सभी आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों और स्वास्थ्य केंद्रों पर एनीमिया जांच और आयरन सप्लीमेंटेशन को नियमित करने के लिए समन्वय स्थापित करेंगे।
एसडीएम अनुभव मेहता एनीमिया मुक्त हरियाणा अभियान और एचपीवी वैक्सीन को लेकर आयोजित महत्वपूर्ण समन्वय बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, फूड सप्लाई विभाग व कमेटी सदस्यों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य राज्य सरकार की एनीमिया मुक्त हरियाणा पहल को और प्रभावी बनाना तथा किशोरियों में गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की रोकथाम के लिए एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान को तेज गति से लागू करना था। उन्होंने कहा कि एचपीवी वैक्सीनेशन के लिए लक्षित किशोरियों की सूची तैयार करना और अभिभावकों को जागरूक करने के लिए शिविरों का आयोजन के लिए शिक्षा विभाग से तालमेल कर अग्रिम कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की।
वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. कृष्ण कांत ने  कहा कि एनीमिया मुक्त हरियाणा अभियान के तहत बच्चों, किशोरियों, गर्भवती महिलाओं और महिलाओं में एनीमिया की रोकथाम के लिए नियमित जांच, आयरन की गोलियां, पौष्टिक आहार और जागरूकता कार्यक्रमों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने सभी विभागों को अनुरोध किया कि लक्षित समूहों तक पहुंच सुनिश्चित की जाए और अभियान को मिशन मोड में चलाया जाए।
एचपीवी वैक्सीनेशन के संबंध में डॉ. सोनिया व डॉ. वनिता ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा 14 वर्ष की आयु वाली किशोरियों (जिन्होंने 15 वर्ष की आयु पूरी नहीं की) को मुफ्त एचपीवी वैक्सीन उपलब्ध कराई जा रही है। यह वैक्सीन गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से बचाव में अत्यंत प्रभावी है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा लाडवा से राज्य स्तरीय अभियान का शुभारंभ 28 फरवरी 2026 पर किए जाने के बाद जिले में भी इस दिशा में तेजी से कार्यवाही की जा रही है।
बैठक में खंड शिक्षा अधिकारी नीलम सैनी, संजय गांधी मेमोरियल पब्लिक स्कूल लाडवा राजबीर शर्मा, पूनम शर्मा, बाल विकास परियोजना अधिकारी लाडवा उषा कंबोज, विनय गांधी, डॉ. विनीत, डॉ. सोनिया व जसमेर कुमार स्वास्थ्य निरीक्षक विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *