एडवोकेट एवं नेशनल लेवल शूटर सुखमनप्रीत सिंह उर्फ सिप्पी सिद्धू(35) मर्डर केस में आरोपी कल्याणी सिंह(36) ने चंडीगढ़ CBI कोर्ट में एक अर्जी दायर की है। हाईकोर्ट जज की बेटी कल्याणी ने मांग की है कि उसे केस की जांच के दौरान जुटाए गए सबूतों की कॉपी दी जाए। इसके लिए CBI को निर्देश दिए जाएं।

कल्याणी की तरफ से कहा गया है कि वह ट्रायल के दौरान प्रभावी रूप से अपना बचाव करने के लिए सबूतों को प्राप्त करने की हकदार है। वहीं CBI संभवत: मामले में लिखित जवाब पेश करने की बजाय सीधा बहस पेश करेगी। CBI के मुताबिक, सिप्पी ने उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें परिवार और दोस्तों में वायरल की थी। ऐसे में कल्याणी ने बदनामी का बदला लेने के लिए उसकी हत्या की।
क्राइम सीन से जुटाए सबूत मांगे
कल्याणी के वकील ने कहा कि केस की शुरुआती जांच के दौरान चंडीगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची थी। क्राइम सीन का जायजा लिया गया था। मृतक की बॉडी से आर्टिकल बरामद किए थे। कई लोगों के CRPC-161 के तहत बयान दर्ज किए गए थे। वहीं कई अन्य सबूत जुटाए गए थे, जिनमें आर्टिकल, दस्तावेज और इलेक्ट्रानिक डेटा शामिल था।

रात साढ़े 9 से 10 के बीच हत्या
बता दें कि मोहाली फेज-3 निवासी सिप्पी सिद्धू की 20 सितंबर 2015 को चंडीगढ़ सेक्टर-27 के एक ग्रीन बेल्ट(पार्क) में 4 गोलियां मार हत्या की गई थी। हत्या का समय साढ़े 9 से 10 बजे के बीच का बताया गया था। चंडीगढ़ पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की थी।

वहीं लंबे समय तक आरोपियों को नहीं पकड़ पाने पर मृतक के परिवार ने चंडीगढ़ प्रशासन से केस की जांच CBI को सौंपे जाने की मांग की थी। जिसके बाद CBI ने वर्ष 2016 में फ्रेश FIR दर्ज करके 6 साल की जांच के बाद कल्याणी को गिरफ्तार किया था।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *