मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कार्यक्रम में की शिरकत
गीता का संदेश कालातीत, यह केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरी मानवता के लिए प्रेरणा का स्रोत-नायब सिंह सैनी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से गीता महोत्सव बन चुका है अंतर्राष्ट्रीय उत्सव, कई देश कर रहे सहभागिता-नायब सिंह सैनी
कुरुक्षेत्र 1 दिसंबर अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के अंतर्गत सोमवार को धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र के केशव पार्क में भव्य और ऐतिहासिक वैश्विक गीता पाठ आयोजित किया गया। इस सामूहिक पाठ में 21 हजार बच्चों ने एक स्वर में गीता के श्लोकों का उच्चारण कर वह दिव्य दृश्य प्रस्तुत किया, जिसने पूरे वातावरण को ज्ञान, भक्ति और अध्यात्म से सराबोर कर दिया। इस अभूतपूर्व सहभागिता ने वसुधैव कुटुम्बकम् की भारतीय अवधारणा को साकार रूप दिया। इस कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने शिरकत की। मुख्यमंत्री ने कुरुक्षेत्र में वैश्विक गीता पाठ में भाग लेने वाले स्कूली छात्रों के लिए मंगलवार को विशेष अवकाश की भी घोषणा की। इस अवसर पर योग गुरु बाबा रामदेव और गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने मार्गशीर्ष शुक्ल एकादशी एवं गीता जयंती के पावन पर्व की शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्री कृष्ण से नागरिकों के जीवन को ज्ञान के आलोक से आलोकित करने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि इसी शुभ तिथि पर 5163 वर्ष पूर्व भगवान श्रीकृष्ण द्वारा अर्जुन को श्रीमद्भगवद् गीता का दिव्य उपदेश दिया, जिसका संदेश आज भी संपूर्ण मानवता के लिए पथ प्रदर्शक है। आज 21 हजार विद्यार्थियों द्वारा अष्टादशी श्लोकों के जाप से आकाश गूंज उठा है। यह गर्व की बात है कि आज भारत के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा अनेक देशों में भी एक साथ इन श्लोकों के स्वर गूंज रहे हैं। उन्होंने कहा कि गीता पाठ का महत्व केवल धार्मिक नहीं बल्कि वैज्ञानिक भी है। वेद, उपनिषद और गीता के मंत्रों के उच्चारण से उत्पन्न होने वाली सकारात्मक ध्वनि तरंगें मन और मस्तिष्क को शांति प्रदान करती हैं, विचारों में नैतिकता लाती हैं और व्यक्ति को नई ऊर्जा प्रदान करती हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से गीता महोत्सव बन चुका है अंतर्राष्ट्रीय उत्सव, कई देश कर रहे सहभागिता
मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्मयोगी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की ही प्रेरणा से हम गीता जयंती समारोह को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मनाते हैं। उन्होंने वर्ष 2014 में अमेरिका की अपनी प्रथम यात्रा के दौरान 19 सितम्बर, 2014 को अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति बराक ओबामा को श्री महादेव देसाई द्वारा लिखित पुस्तक दी गीता अकॉर्डिंग टू गांधी भेंट की। इस अद्भुत पहल से प्रेरित होकर हम वार्षिक गीता जयंती समारोह को वर्ष 2016 से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मनाने लगे हैं। इसमें कई देशों के प्रतिभागी और लाखों श्रद्धालु भाग लेते हैं। उन्होंने कहा कि 25 नवंबर को प्रधानमंत्री कुरुक्षेत्र में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में शामिल हुए और महाभारत थीम आधारित अनुभव केंद्र का लोकार्पण किया। प्रधानमंत्री ने 28 नवंबर को कर्नाटक के उडुपी में भी इस अनुभव केंद्र का उल्लेख करते हुए देशवासियों से इसे देखने का आग्रह किया। आज यह महोत्सव उनके मार्गदर्शन में विश्वव्यापी स्वरूप ले चुका है।
भगवान श्रीकृष्ण द्वारा दिया गया ‘कर्मण्येवाधिकारस्ते’ का उपदेश व्यक्ति को कर्तव्य पालन के मार्ग पर करता है अग्रसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने गीता के अलावा योग को भी पूरे संसार में फैलाने का काम किया है। उन्हीं के प्रयासों से हर साल 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तनाव, क्रोध और अनिश्चितता जैसी कई चुनौतियां हैं, जिनसे निपटने के लिए गीता हमें जीवन के हर उतार-चढ़ाव में समभाव बनाए रखने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन गीता का पाठ करने वाला व्यक्ति काम, क्रोध, लोभ, मोह और अहंकार से ऊपर उठ जाता है। गीता का प्रत्येक श्लोक ज्ञान का दीप है और प्रत्येक अध्याय जीवन का मार्गदर्शक। भगवान श्रीकृष्ण द्वारा दिया गया ‘कर्मण्येवाधिकारस्ते’ का उपदेश व्यक्ति को कर्तव्य पालन के मार्ग पर अग्रसर करता है और समाज में अनुशासन व संतुलन स्थापित करता है। यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति इस सिद्धांत को अपने जीवन में उतार ले, तो समाज में अनुशासन, समरसता और संतुलन स्वत: स्थापित हो जाएगा।
गीता का संदेश कालातीत, यह केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरी मानवता के लिए प्रेरणा का स्रोत
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि गीता का हर श्लोक हमें जीवन जीने की नई प्रेरणा देता है। गीता केवल अर्जुन और भगवान श्रीकृष्ण जी के बीच का संवाद ही नहीं है, यह हमारे हर प्रश्न का समाधान करती है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार जिस भी घर में गीता का नियमित रूप से पाठ होता है, वहां पर कभी किसी तरह की कोई नेगेटिव एनर्जी नहीं आ सकती। गीता हमें सिखाती है कि सुख-दु:ख, सफलता असफलता, लाभ-हानि जीवन का हिस्सा हैं। इनसे विचलित हुए बिना हमें समभाव बनाए रखना चाहिए। यदि हर व्यक्ति इस शिक्षा को अपने जीवन में उतारे, तो आपसी संघर्ष और तनाव कम होगा।
उन्होंने कहा कि गीता का संदेश कालातीत है यह केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरी मानवता के लिए प्रेरणा का स्रोत है। यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति गीता के उपदेशों को अपनाए, तो कुरीतियां, असमानताएं और संघर्ष स्वत: समाप्त हो जाएंगे और एक आदर्श समाज की स्थापना होगी। गीता के इस संदेश को अपनाकर हम एक दूसरे के साथ बेहतर संबंध स्थापित कर सकते हैं और समाज में समरसता ला सकते हैं। मुख्यमंत्री ने उपस्थिजन को गीता के ज्ञान को समझकर अपने जीवन में अपनाने और इसे दूसरों तक पहुंचाने का संकल्प दिलवाया। इस मौके पर हरियाणा गौ सेवा आयोग के चेयरमैन श्रवण गर्ग, हरियाणा सरस्वती धरोहर विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष धुमन सिंह किरमच, चेयरमैन जयदीप आर्य, चेयरमैन धर्मवीर मिर्जापुर, सीएम के ओएसडी भारत भूषण भारती, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल, सीईओ केडीबी पंकज सेतिया, मानद सचिव उपेंद्र सिंघल, कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा, स्वामी संपूर्णानंद महाराज, आयुष विश्वविद्यालय के कुलपति करतार सिंह धीमान, एनआईडी की निदेशिका डा. रमणीक कौर, केयूके डा. बीआर अंबेडकर संस्थान के निदेशक डा. प्रीतम सिंह, जिला परिषद की चेयरमैन कंवलजीत कौर, वाइस चेयरमैन डीपी चौधरी, केडीबी सदस्य अलकेश मोदगिल, विजय नरुला, हरमेश सिंह सैनी आदि उपस्थित थे।
पवित्र ग्रंथ गीता युवा पीढ़ी को सुसंस्कार देने का ग्रंथ:ज्ञानानंद
गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने देश-वासियों का गीता जयंती की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को कर्म करने का संदेश दिया। यह सौभाग्य है कि आज के ही दिन कुरुक्षेत्र की भूमि पर गीता जयंती मनाई जा रही है और भगवान श्रीकृष्ण ने भी इसी पावन धरा को उपदेश स्थली के रुप में चयनित किया। पिछले 10 सालों से अंतर्राष्टï्रीय गीता महोत्सव को बड़े स्तर पर मनाया जा रहा है। इसका श्रेय केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को जाता है। आज गीता जयंती के दिन कुरुक्षेत्र के केशव पार्क से जहां 21 हजार विद्यार्थी वैश्विक गीता पाठ कर रहे है, वहीं हरियाणा के 114 खंडों के 1 लाख 800 विद्यार्थी, 50 से ज्यादा देशों में भी वैश्विक गीता पाठ को लाखों-करोड़ों लोग देख रहे है। सरकार का प्रयास है कि आमजन मानस तक पवित्र ग्रंथ गीता के उपदेशों को पहुंचाया जाए, क्योंकि पवित्र ग्रंथ गीता में हर समस्या का समाधान है और यह ग्रंथ कर्म करने का संदेश देता है। इस पवित्र ग्रंथ गीता के उपदेश धारण करने पर युवा पीढ़ी के चरित्र, आत्मविश्वास और कैरियर को आगे बढ़ाने का मार्ग मिलता है।
पवित्र ग्रंथ गीता में ज्ञान, आधुनिक विज्ञान, विरासत और विकास का मार्ग निहित है:रामदेव
योग गुरु स्वामी रामदेव ने कहा कि गीता स्थली कुरुक्षेत्र से पूरे विश्व को ज्ञान और संस्कार मिल रहा है। इस पवित्र ग्रंथ गीता में विरासत, विकास, ज्ञान और आधुनिक विज्ञान का मार्ग मिलता है। इसलिए प्रत्येक मानव को बड़ी सोच रखकर कड़ी मेहनत से आगे बढऩा चाहिए। इस पवित्र ग्रंथ गीता से वर्ष 2047 तक देश को विकसित राष्टï्र बनाने का मार्ग भी मिलेगा। इस देश को विकसित राष्टï्र बनाने के लिए युवा पीढ़ी का अहम योगदान रहेगा। इसलिए युवा पीढ़ी को संस्कारवान बनाने के लिए प्रदेश सरकार की तरफ से अंतर्राष्टï्रीय गीता महोत्सव जैसे बड़े कार्यक्रमों के साथ-साथ वैश्विक गीता पाठ जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बधाई के पात्र है जो अंतर्राष्टï्रीय गीता महोत्सव जैसे आयोजनों को लगातार प्रमोट कर रहे है। इसी पावन धरा पर हजारों वर्ष पूर्व भगवान श्री कृष्ण कर्म करने का संदेश दिया। आज युवा पीढ़ी को गीता के उपदेशों को अपने जीवन में धारण करना चाहिए और अपने अंदर के ज्ञान को जागृत करना चाहिए।
विश्व गुरु बनने का मार्ग निहित है उपदेशों-बाबा भूपेंद्र
बाबा भूपेंद्र सिंह ने कहा कि वैश्विक गीता पाठ जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए ऐतिहासिक क्षण है, इस प्रकार के कार्यक्रमों से विद्यार्थियों को गीता के उपदेश जानने और सुनने का अवसर मिलता है। इस ग्रंथ के उपदेशों को हर मानव को जानने का प्रयास करना चाहिए। इसी ग्रंथ के उपदेशों को अपने जीवन में धारण करने से भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्टï्र बनाने का मार्ग मिलेगा।
पवित्र ग्रंथ गीता को पढऩे के साथ-साथ समझने की जरुरत:मास्टर
स्वामी मास्टर महाराज ने कहा कि देश के भावी भविष्य वैश्विक गीता पाठ के साथ जुड़े हुए है। इस युवा पीढ़ी को गीता के उपदेशों को धारण करना चाहिए ताकि आंतरिक विकास और शांति का मार्ग मिल सके। यह पवित्र ग्रंथ गीता पढऩे के साथ-साथ समझने का ग्रंथ है, यह मानव शरीर में एक बैटरी की तरह काम करता है।
वैश्विक गीता पाठ से दुनिया में बना दिव्य वातावरण:सोमनाथ
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि अंतर्राष्टï्रीय गीता महोत्सव-2025 के दौरान वैश्विक गीता पाठ से पूरी दुनिया में एक दिव्य वातावरण बना है। इस मंच के माध्यम से लाखों-करोड़ों लोग पवित्र ग्रंथ गीता के उपदेशों के साथ जुड़े है और यह एक सुखद अहसास की अनुभूति करवा रहा है।
जिंदगी समझने का अदभुत ग्रंथ है गीता:रमणीक कौर
राष्ट्रीय डिजाईन संस्थान की निदेशिका डा. रमणीक कौर ने कहा कि पवित्र ग्रंथ गीता जिंदगी को समझने का एक अदभुत ग्रंथ है। इस ग्रंथ के माध्यम से युवाओं के हर समस्या का समाधान संभव है। यह ग्रंथ युवा पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
पूरे विश्व में मिली कुरुक्षेत्र को नई पहचान:सुभाष सुधा
हरियाणा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने गीता जयंती की बधाई देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव से कुरुक्षेत्र को पूरे विश्व में एक नई पहचान मिली है। इस महोत्सव को देखने के लिए हरियाणा ही नहीं देश-विदेश के लोग उत्सुक रहते है। इसके लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बधाई के पात्र है। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार का कुरुक्षेत्र को आध्यात्मिक और पर्यटन स्थली के रुप में विकसित करने के लिए आभार व्यक्त किया है।
गीता सारी दुनिया में सबसे श्रेष्ठ ग्रंथ, इससे मानवमात्र को जीवन जीने की पद्धति मिली:डा. प्रीतम सिंह
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय डा. बीआर अंबेडकर संस्थान के निदेशक डा. प्रीतम सिंह ने कहा कि गीता सारी दुनिया में सबसे श्रेष्ठ ग्रंथ है, इससे मानवमात्र को जीवन जीने की पद्धति मिली है। आज गीता सारे विश्व के अंदर प्रसिद्ध है। ये कर्म का संदेश देती है। व्यक्ति को अपने जीवन में कोई कामयाबी हासिल करनी है तो उसे गीता में दिए गए कर्म के संदेश को आत्मसात करना होगा। गीता शिक्षा और दीक्षा का ग्रंथ है। कर्म की शिक्षा है तो कर्तव्य के रूप में दीक्षा भी है।
फोटो समाचार
गीता स्थली ज्योतिसर से गीता के उपदेशों से पूरे विश्व को मिल रहा है शान्ति का संदेश:नायब सिंह सैनी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने गीता स्थली ज्योतिसर में किया गीता पूजन, हवन यज्ञ में डाली पूर्णाहुति, पर्यटकों को दी गीता जयंती की शुभकामनाएं
कुरुक्षेत्र 1 दिसंबर मुख्यमंत्री नायब सिंह ने कहा कि गीता स्थली ज्योतिसर में हजारों वर्ष पूर्व भगवान् श्रीकृष्ण ने कर्म के मार्ग पर चलने के लिए गीता के उपदेश दिए थे। इस गीता स्थली ज्योतिसर से आज भी उपदेशों के माध्यम से पूरे देश का शान्ति का संदेश मिल रहा है। जो व्यक्ति, राज्य, देश पवित्र ग्रंथ गीता के इन उपदेशों का अनुसरण करेगा वे निश्चित ही उन्नती के मार्ग पर आगे बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सोमवार को अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2025 में गीता स्थली ज्योतिसर में पवित्र ग्रंथ गीता की पूजा अर्चना करने के लिए पहुंचे। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, भाजपा जिलाध्यक्ष तिजेंद्र सिंह गोल्डी, केडीबी मानद सचिव उपेंद्र सिंघल ने मंत्रोच्चारण के बीच गीता जयंती पर चल रहे यज्ञ में पूर्णाहुति डाली और पंडित नरेश शर्मा व वेदपाठियों ने विश्व शान्ति के लिए पूजा-अर्चना करवाई। इसके उपरांत सभी मेहमानों पवित्र ग्रंथ गीता का पूजन किया और जिस वट वृक्ष के नीचे हजारों वर्ष पहले भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन का मोह भंग करने के लिए उपदेश दिए थे उस वट वृक्ष को भी देखा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने विचारों को सांझा करते हुए कहा कि इस पवित्र धरा पर आने वाले व्यक्ति के सारे पाप दूर हो जाते हैं और उसे पुण्य की प्राप्ति होती है। इसलिए इस पवित्र स्थल और तीर्थ को विकसित करने के लिए प्रदेश सरकार की तरफ से महाभारत थीम पर आधारित एक भव्य अनुभव केंद्र का निर्माण किया गया है। इस अनुभव केंद्र का अवलोकन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 नवंबर को किया और पूरी दुनिया को इस अदभुत अनुभव केंद्र को देखने के लिए कहा है। इस महाभारत अनुभव केंद्र को देखने के लिए देश-विदेश के कोने-कोने पर्यटक पहुंचेंगे। यह महाभारत अनुभव केंद्र अपने-अपने आप में एक अदभुत केंद्र है।
उन्होंने कहा कि महाभारत अनुभव केंद्र को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आमजन को समर्पित किया गया है। इस गीता स्थली ज्योतिसर में बना महाभारत अनुभव केंद्र निश्चित ही कुरुक्षेत्र की महिमा को दुनिया तक पहुंचाने का काम करेगा। इस मौके पर उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल, सीईओ केडीबी पंकज सेतिया, केडीबी के मानद सचिव उपेन्द्र सिंघल, केडीबी सदस्य अशोक रोशा, अलकेश मोदगिल, हरमेश सैनी, श्री प्रकाश मिश्रा आदि गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
