: रेवाड़ी एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा के दिशा निर्देशन में कार्य करते हुए थाना रामपुरा पुलिस ने गत 28 नवंबर की रात को गांव देहलावास गुलाबपुरा में एक लग्न समारोह में डीजे पर मामूली विवाद के बाद एक युवक की हत्या करने के मामले में दो मुख्य आरोपियों को वारदात के चंद घंटो बाद ही गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गांव देहलावास निवासी पुष्पेंद्र उर्फ पियूष व गांव बोड़िया कमालपुर निवासी गौरव उर्फ कैली के रूप में हुई है।
डीएसपी ट्रैफिक श्री पवन कुमार ने रविवार को प्रेसवार्ता में बताया कि गांव देहलावास निवासी बिरेंद्र ने अपनी शिकायत में बताया था की गत 28 नवंबर की रात को उसका भतीजा 25 वर्षीय संजीव पड़ोस के गांव गुलाबपुरा में लग्न समारोह में खाना खाने के लिए गया था। वहां देहलावास निवासी पुष्पेंद्र व गुलाबपुरा निवासी सचिन उर्फ निदला के बीच डीजे पर गाना बदलने को लेकर झगड़ा हो रहा था। संजीव ने दोनों का बीच-बचाव किया था। इसके बाद सचिन अपने घर की ओर चल दिया था। बाद में गांव देहलावास निवासी पुष्पेंद्र व कृष्ण उसके भतीजे संजीव को बाइक पर बैठाकर मंदिर के पास ले गए। वहां कुछ लोग पहले से ही मौजूद थे। उसने आरोप लगाया कि इन लोगों ने लोहे के हथियार से संजीव पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर वह और उसके परिवार के सदस्य मंदिर के पास पहुंचे। जिन्होंने संजीव को उठाकर रेवाड़ी ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां से उसे गंभीर अवस्था में पीजीआई रोहतक के लिए रेफर कर दिया गया। वहां संजीव ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक के चाचा बिरेंद्र के बयान पर थाना रामपुरा में हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए मामले में संलिप्त दो मुख्य आरोपी गांव देहलावास निवासी पुष्पेंद्र उर्फ पियूष व गांव बोड़िया कमालपुर निवासी गौरव उर्फ कैली को वारदात के कुछ ही घंटो के अन्दर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों को पेश अदालत करके पूछताछ के लिए तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *