-मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाडवा में आयोजित प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान में पहुंचे
लाडवा, 9 जून। मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी ने कहा कि जब जज्जा बच्चा स्वस्थ होगा, तभी समाज मजबूत व अच्छा होगा। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री द्वारा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने के लिए चलाए जा रहे इस महत्वाकांक्षी अभियान के सफलतापूर्वक 10 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं। यह अभियान गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व सेवाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ है।
मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाडवा में आयोजित प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान कार्यक्रम में बोल रहे थे। कार्यक्रम के दौरान कुल 72 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच की गई, जिनमें से 17 महिलाओं को हाई रिस्क प्रेग्नेंसी श्रेणी में चिन्हित किया गया। इन महिलाओं को विशेष निगरानी, आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उचित उपचार हेतु चिन्हित कर आगे की स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ा गया।
प्रभारी कैलाश सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सरकार द्वारा महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए अनेक जनहितकारी योजनाएं एवं कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाना तथा प्रत्येक गर्भवती महिला तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को नियमित प्रसव पूर्व जांच करवाने, संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, समय पर टीकाकरण करवाने तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. कृष्णकांत ने कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत प्रत्येक माह की 9, 10, 23 एवं 30 तारीख को गर्भवती महिलाओं को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा व्यापक स्वास्थ्य जांच, परामर्श, प्रयोगशाला जांच एवं आवश्यक दवाइयां नि:शुल्क उपलब्ध करवाई जाती हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के नियमित स्वास्थ्य परीक्षणों से गर्भावस्था के दौरान संभावित जटिलताओं की समय रहते पहचान संभव हो पाती है, जिससे सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करने में सहायता मिलती है।
कार्यक्रम में महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. रचना, चिकित्सा अधिकारी डॉ. विशाल, सीनियर नर्सिंग ऑफिसर प्रमिला, नर्सिंग ऑफिसर हरिंदर कौर, स्वास्थ्य कार्यकर्ता भारती वर्मा, कोमल सैनी, आशा कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाओं ने भाग लिया।
