पिहोवा 12 जून – उपमंडल अधिकारी नागरिक कपिल कुमार ने कहा कि गर्मी के मौसम में गर्म हवा और बढ़े हुए तापमान से लू (हीट वेव) लगने का खतरा बढ़ जाता है, खासकर धूप में घूमने वालों, खिलाडिय़ों, बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को लू लगने का डर ज्यादा रहता है। लू लगने पर उसके इलाज से बेहतर है, हम लू से बचे रहें यानी बचाव इलाज से बेहतर है। जनहित में लू से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की गई है, जिसका सभी पालन करते हुए स्वास्थ्य सुरक्षा बनाए रखें।
एसडीएम कपिल कुमार ने आमजन से आह्वान किया कि प्रशासन की ओर से जारी की गई एडवाइजरी की पालना करें और हीट वेव से बचे रहें। उन्होंने बताया कि हीट वेव से बचाव के लिए स्थानीय मौसम संबंधी खबरों के लिए रेडियो सुनें, टीवी देखें, समाचार पत्र पढ़ें। गर्मी में हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें, अपना सिर ढंक कर रखें, कपड़े, हैट अथवा छतरी का उपयोग करें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं-भले ही प्यास न लगी हो, ओआरएस (ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन), घर में बने पेय जैसे लस्सी, तोरानी (चावल का मांड) नींबू पानी, छाछ आदि का सेवन कर तरोताजा रहें।
उन्होंने कहा कि पार्किंग के समय बच्चों को वाहनों में छोडकऱ न जाएं, उन्हें लू लगने का खतरा हो सकता है, नंगे पांव बाहर न जाएं, गर्मी से राहत के लिए हाथ का पंखा अपने पास रखें, काम के बीच में थोड़ा-थोड़ा विश्राम लें, खेत खलिहान में काम कर रहे हैं तो समय-समय पर पेड़ या छाया में ही आसरा लें। गर्मी के मौसम में जंक फूड का सेवन न करें। ताजे फल, सलाद तथा घर में बना खाना खाएं। खासतौर से दोपहर 12 बजे से सायं 3 बजे के बीच धूप में सीधे न जाएं। यदि बच्चे को उल्टी, घबराहट अथवा तेज सिरदर्द हो, सीने में दर्द हो अथवा सांस लेने में कठिनाई हो तो चिकित्सक को दिखाएं।
एसडीएम ने कहा कि बढ़ती गर्मी में वृद्ध एवं कमजोर व्यक्तियों की खास देखभाल करें, तेज गर्मी, खासतौर से जब वे अकेले हों तो कम से कम दिन में दो बार उनकी जांच करें। ध्यान रहे कि उनके पास फोन हो, यदि वे गर्मी से बेचैनी महसूस कर रहे हों तो उन्हें ठंडक देने का प्रयास करें, उनके शरीर को गीला रखें, उन्हें नहलाएं अथवा उनकी गर्दन तथा बगलों में गीला तौलिया रखें, उनके शरीर को ठंडक देने के साथ-साथ डॉक्टर अथवा एम्बुलेंस को बुलाएं, उन्हें अपने पास हमेशा पानी की बोतल रखने के लिए कहें।

पतंजलि योगपीठ हरिद्वार से प्रशिक्षित योग टीचर द्वारा घर-घर योग का प्रचार – महिंद्र कन्थला
पिहोवा 12 जून – राज्यस्तरीय अन्तर्राष्ट्रीय योग महोत्सव कुरुक्षेत्र को भव्य रूप देने के उद्देश्य से पतंजलि योगपीठ हरिद्वार से प्रशिक्षित योग टीचर उपमंडल पिहोवा के गांव-गांव जाकर योग शिविर लगा रहे हैं तथा आमजन को योग के प्रति जागरुक कर रहे हैं।
पतंजलि योगपीठ हरिद्वार से राज्य सोशल मीडिया प्रभारी महिंद्र कन्थला ने बताया कि 21 जून को अंर्तराष्ट्रीय योग दिवस को ऐतिहासिक बनाया जाएगा, जिसके चलते जिला प्रशासन ने तैयारिया शुरू की हुई हैं। कार्यक्रम में एक लाख योग साधक हिस्सा लेंगे। इस अंर्तराष्ट्रीय योग दिवस पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे और योग गुरु स्वामी रामदेव अध्यक्षता करेंगे। उन्होंने कहा कि हर गांव के हर घर तक योग पहुंचे, योग व खान-पान से रोगियों का उपचार हो, योग युगधर्म बने, योग हर व्यक्ति के स्वभाव में आये, इस उद्देश्य से 5 से 7 दिन का शिविर हर गांव में लगाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पिहोवा योगपीठ हरिद्वार से अनुभवी योग टीचर द्वारा पिहोवा शहर व तहसील के 80 गांवों में योग कक्षाएं लगाने का कार्यक्रम किया जाएगा। इसी कड़ी में 16 गांवों व शहर के 5 स्थानों पर योग कक्षाएं स्थापित की गई है जहां प्रतिदिन सुबह 5 बजे से 7 बजे तक योग प्रोटोकॉल का अभ्यास करवाया जा रहा है। 21 जून से पहले पिहोवा के सभी गांवों में पतंजलि की ओर से योग टीचर उपलब्ध हो जाएंगे। उन्होंने बताया गांव व शहर में उन्हें सभी का पूर्ण सहयोग मिल रहा है। उन्होंने खुद भारत नगर में जाकर योग प्रोटोकोल का अभ्यास करवाया व योग जागरण यात्रा निकाली तथा लोगों योग से जुडऩे के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर राजेश भाटी, विनय अरोड़ा, सतपाल अरोड़ा, किरण सिरसा, मनोरमा, रंजू बाला, कृष्णा, बंसी लाल, सूरजभान, स्वामी कौशलदेव, स्वामी विश्वदेव, राम चरण, चरण सिंह, अजीत भाटी, बिजेन्दर सिंह, युद्धबीर सिंह, सुल्तान सिंह, राधेश्याम गुप्ता, राजबीर सिंह आदि योग टीचर ने योग कक्षाएं ली तथा प्रोटोकॉल का अभ्यास करवाया।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *