कुवि का यूएसएम विभाग बेहतरीन बिजनेस स्कूलों में से एकः प्रो. सुशील शर्मा
एमबीए में दाखिले की अंतिम तिथि 15 जून निर्धारित
कुरुक्षेत्र, 12 जून।
 कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा के निर्देशानुसार यूनिवर्सिटी स्कूल आफ मैनेजमेंट में ऑनलाइन दाखिले की प्रक्रिया 24 मई से जारी है। एमबीए (दो वर्ष) पीजी प्रोग्राम की 120 सीटों तथा एमबीए (एसएफएस)(दो वर्ष) पीजी प्रोग्राम की 120  सीटों में शैक्षणिक सत्र 2025-27 में दाखिले के लिए अंतिम तिथि 15 जून निर्धारित की गई है।
यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मैनेजमेंट  के अध्यक्ष प्रो. सुशील शर्मा ने बताया कि यूएसएम जिसे पहले डिपार्टमेंट ऑफ मैनेजमेंट के नाम से जाना जाता था वह भारत और दुनिया भर में सबसे बेहतरीन बिजनेस स्कूलों में से एक है। यह 1973 में अस्तित्व में आया था जिसका मुख्य उद्देश्य प्रबंधन के सभी प्रमुख कार्यात्मक क्षेत्रों में मानवीय मूल्यों के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि एमबीए कार्यक्रम केवल एक डिग्री नहीं, बल्कि एक परिवर्तनकारी यात्रा है, जो छात्रों को जटिलताओं को समझदारी, करुणा और आत्मविश्वास के साथ संभालने के लिए तैयार करता है। यूएसएम में तैयार और प्रशिक्षित छात्रों को कॉर्पाेरेट क्षेत्र द्वारा आसानी से स्वीकार किया जाता है और इसने वर्षों से दुनिया भर में एक बहुत ही समृद्ध पूर्व छात्र आधार को पोषित किया है जो व्यवसाय और सामाजिक जीवन के विभिन्न पहलुओं में नेतृत्व की स्थिति में हैं। पिछले 50 वर्षों में विभाग ने नोबेल पुरस्कार विजेता, विजयी उद्यमी, शानदार कॉर्पोरेट प्रबंधक, समझदार शिक्षाविद, प्रसिद्ध राजनेता, व्यवस्थित नौकरशाह तैयार किए हैं इस कार्यक्रम में कुल 240 सीटें हैं, जिसमें 120 सीटें समान रूप से बजट वाले वर्ग के लिए तथा 120 सीटें स्व-वित्तपोषित वर्ग के लिए उपलब्ध हैं।
यह कार्यक्रम मार्केटिंग, फाइनेंस, मानव संसाधन, बिजनेस एनालिटिक्स, उद्यमिता विकास और अंतरराष्ट्रीय व्यापार जैसे प्रमुख क्षेत्रों में विशेषज्ञता प्रदान करता है। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को शैक्षणिक और व्यावहारिक अनुभव के माध्यम से सक्षम, नैतिक और दूरदर्शी नेतृत्व के लिए तैयार करना है। व्याख्यान, केस स्टडीज़, लाइव प्रोजेक्ट्स, सिमुलेशन, कक्षा चर्चाएं, सांस्कृतिक अंतःक्रियाएं और व्यवसाय महोत्सव के इत्यादि माध्यम से हम एक समग्र शिक्षण अनुभव प्रदान करते हैं। उन्होंने बताया क प्रवेश के लिए समूह चर्चा और व्यक्तिगत साक्षात्कार में उपस्थित होना अनिवार्य है। एमबीए प्रोग्राम के लिए प्रवेश उम्मीदवारों के समग्र अंकों द्वारा निर्धारित योग्यता जिसमें  (प्रवेश परीक्षा (80 प्रतिशत अंक), समूह चर्चा (10 प्रतिशत अंक) और  व्यक्तिगत साक्षात्कार (10 प्रतिशत अंक)  और लागू वेटेज के आधार पर किया जाएगा। ग्रुप डिस्कशन और पर्सनल इंटरव्यू यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मैनेजमेंट, कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी कुरुक्षेत्र में आयोजित की जाएगी, जिसमें उम्मीदवारों को 01.07.2025 से 02.07.2025 तक सुबह 9 बजे से उपस्थित होना होगा। प्रवेश परीक्षा का पैटर्न और स्तर अखिल भारतीय प्रबंधन संघ (एआईएमए) और प्रबंधन योग्यता परीक्षा आदि के समान होगा।
कुवि के लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा के निर्देशानुसार विद्यार्थियों की दाखिला सम्बन्धी जानकारी के लिए ऑनलाइन हेल्पडेस्क भी गठित किया गया है। ऑनलाइन एडमिशन से सम्बन्धित जानकारी के लिए विद्यार्थी कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट/आईयूएमएस पोर्टल से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *