कुरुक्षेत्र 18 नवंबर जिला खेल अधिकारी कुरुक्षेत्र मनोज कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 8वें खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2026 का आयोजन 11 दिसंबर से 22 दिसंबर 2026 तक हैदराबाद (तेलंगाना) में किया जा रहा है। इन खेलों में हरियाणा राज्य की ओर से भाग लेने वाले अंडर-18 आयु वर्ग के खिलाडिय़ों के चयन के लिए राज्य स्तरीय ट्रायल 22 और 23 नवंबर 2026 को विभिन्न स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे।
डीएसओ मनोज कुमार ने कहा कि इन ट्रायल में केवल वे ही खिलाड़ी भाग ले सकते है, जिनकी जन्मतिथि 1 जनवरी 2009 या उसके बाद की है। इसके लिए चयन ट्रायल लिए जाएंगे, जिसमें कबड्डी (पुरुष) व फुटबॉल (पुरुष) के लिए 22 नवंबर 2026 भीम स्टेडियम भिवानी, कबड्डी (महिला) 23 नवंबर 2026 भीम स्टेडियम भिवानी, हॉकी (पुरुष) 22 नवंबर 2026 हॉकी स्टेडियम सेक्टर-4 सोनीपत, हॉकी (महिला) 23 नवंबर 2026 हॉकी स्टेडियम सेक्टर-4 सोनीपत, बास्केटबॉल (पुरुष) 22 नवंबर 2026 कर्ण सिंह स्टेडियम करनाल, मलखंब (पुरुष) 22 नवंबर 2026 सर छोटू राम स्टेडियम रोहतक, मलखंब (महिला) 23 नवंबर 2026 सर छोटू राम स्टेडियम रोहतक, वॉलीबॉल (पुरुष) 22 नवंबर 2026 ताऊ देवी लाल स्टेडियम पंचकूला, वॉलीबॉल (महिला) 23 नवंबर 2026 ताऊ देवी लाल स्टेडियम पंचकूला में ट्रायल होंगे।
उन्होंने कहा कि चयन ट्रायल में भाग लेने वाले सभी खिलाडिय़ों को आयु सत्यापन के लिए अपने साथ निम्नलिखित मूल दस्तावेज लाना अनिवार्य है, जिनमें आधार कार्ड या पासपोर्ट, 10वीं कक्षा का प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र (जो नगर निगम या ग्राम पंचायत द्वारा कम से कम 5 वर्ष पूर्व, अर्थात 01 जनवरी 2020 से पहले जारी किया गया हो)। जिला खेल अधिकारी मनोज कुमार ने जिले के सभी पात्र खिलाडिय़ों से अपील करते हुए कहा कि वे निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर अपने आवश्यक दस्तावेजों सहित पहुंचकर चयन ट्रायल में भाग लें।
