57वें आईएफएफआई में हिस्सा लेने एफटीवी का प्रतिनिधिमंडल रवाना
– देश-दुनिया में सिनेमा के बदलते स्वरूप को समझने का मिलेगा मौका
18 नवंबर 2026, रोहतक।
दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एवं विजुअल आर्ट्स (डीएलसीसुपवा) के फिल्म एवं टेलीविजन फैकल्टी के तृतीय वर्ष के छात्र 57वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (आईएफएफआई) में भाग लेने के लिए बु़धवार को गोवा के लिए रवाना हो गए। आईएफएफआई में इन्हें अंतरराष्ट्रीय सिनेमा को करीब से समझने, फिल्म निर्माण की बारीकियों को जानने व वर्ल्ड सिनेमा के बदलते स्वरूप से परिचित होने का अवसर मिलेगा।
एफसी महेश टीपी ने बताया कि आईएफएफआई को देश का सबसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल माना जाता है। 20 नवंबर से शुरू होने वाला यह फिल्म फेस्टिवल 28 नवंबर तक चलेगा। इसमें हिस्सा लेने के लिए 44 छात्र-छात्राओं के साथ प्रोफेसर विभांशु वैभव व असिस्टेंट प्रोफेसर दुष्यंत गए हैं। छात्र इस प्रतिष्ठित फिल्म फेस्टिवल के दौरान विभिन्न देशों की फिल्मों की स्क्रीनिंग में हिस्सा लेंगे। इस दौरान उन्हें अलग-अलग भाषाओं, संस्कृतियों व विषयों पर आधारित अंतरराष्ट्रीय फिल्मों को देखने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही छात्रों को दुनियाभर से आए फिल्मकारों की रचनात्मक सोच, कहानी कहने की शैली, सिनेमैटोग्राफी, निर्देशन, संपादन व फिल्म निर्माण की आधुनिक तकनीकों को भी समझने का मौका मिलेगा।
कुलगुरु डॉ अमित आर्य ने कहा कि फिल्म एवं टेलीविजन के छात्रों के लिए इस तरह के अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह में शामिल होना उनके शैक्षणिक व व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ाने की दिशा में अहम कदम है। सुपवा में मिलने वाली सैद्धांतिक जानकारी के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर की फिल्मों का प्रत्यक्ष अनुभव उन्हें फिल्म निर्माण के विभिन्न पहलुओं को बेहतर ढंग से समझने में मदद करेगा। आईएफएफआई में विभिन्न देशों के फिल्मकार, कलाकार, निर्माता, निर्देशक और सिनेमा से जुड़े विशेषज्ञ एक मंच पर एकत्रित होते हैं। इससे छात्रों को फिल्म जगत की नवीनतम प्रवृत्तियों से रूबरू होने व अपने ज्ञान एवं रचनात्मक दृष्टिकोण को विकसित करने का अवसर मिलेगा। डॉ आर्य ने कहा 28 नवंबर तक चलने वाले इस फिल्म फेस्टिवल में भाग लेने के बाद छात्र अंतरराष्ट्रीय सिनेमा से जुड़े अपने अनुभवों और सीख को शैक्षणिक गतिविधियों में भी साझा कर सकेंगे। यही अनुभव आगे चलकर उनके भविष्य के फिल्मी करियर के लिए उपयोगी साबित होगा।
