चुनाव आयोग ने हरियाणा में SIR के बाद खुद करीब 40 लाख वोट गलत बताकर काटे, ये 40 लाख फर्जी वोट कौन डाल गया – दीपेन्द्र हुड्डा  

  • द रिपोर्टर्स कलेक्टिव की रिपोर्ट के अनुसार 3 राज्यों की 200 सीटों (जिसमें हरियाणा की 23 सीटें भी शामिल हैं) का शाम 5 बजे के बाद का वोटिंग डेटा चुनाव आयोग की रिपोर्ट से गायब है। यह डेटा कहां गया? – दीपेन्द्र हुड्डा  
  • देश में जब तक मैनेजमेंट से सरकारें बनेंगी, तब तक जनता की सुध नहीं ली जाएगी – दीपेन्द्र हुड्डा  
  • छल और चोरी के खिलाफ पूरी मजबूती और समझदारी के साथ दोबारा से लड़ाई लड़ी जाएगी– दीपेन्द्र हुड्डा  
  • 12 साल में न कोई यूनिवर्सिटी बनी न कोई अस्पताल, न कोई कॉलेज बना, लेकिन बीजेपी के बड़े-बड़े दफ्तर जरूर बन गये – दीपेन्द्र हुड्डा  

कुरुक्षेत्र, 18 नवंबर। सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने आज शाहाबाद हलके के गाँव खरींडवा, लाडवा हलके के गाँव निवारसी में वोट बचाओ, देश बचाओ चौपाल अभियान के तहत आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि हरियाणा में बीजेपी की सरकार जनभावनाओं से नहीं बल्कि मैनेजमेंट, चुनाव आयोग के दुरुपयोग और काले धन के बल पर बनी है। इसलिए जनता को दरकिनार करके चल रही है। आज हरियाणा का हर वर्ग इस सरकार से दुखी है। उन्होंने कहा कि द रिपोर्टर्स कलेक्टिव की रिपोर्ट के अनुसार 3 राज्यों की 200 सीटों (जिसमें हरियाणा की 23 सीटें भी शामिल हैं) का शाम 5 बजे के बाद का वोटिंग डेटा चुनाव आयोग की रिपोर्ट से गायब है। आखिर यह डेटा कहां गया? जबकि, चुनाव आयोग हर सीट पर पड़े वोट की रिपोर्ट रखता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में वोट चोरी का इससे बड़ा सबूत क्या होगा कि 5 अक्टूबर, 2024  को पोलिंग हुई 61% और गिनती हुई 68% की, ये 7% वोट कैसे बढ़े? हरियाणा में भाजपा और कांग्रेस के वोट शेयर में मात्र 0.3% (लगभग 14,000 वोटों) का अंतर था। अगर 14,000 वोट कांग्रेस के ज्यादा होते तो कांग्रेस की सरकार बनती। चुनाव आयोग ने SIR से हरियाणा में लगभग 40 लाख (18-20%) वोट गलत बताकर काटने का काम किया। अगर आयोग खुद मानता है कि ये वोट गलत बने हुए थे, तो बड़ा सवाल यह है कि चुनाव में ये फर्जी वोट किसने डाले? यह चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर एक बहुत बड़ा प्रश्नचिह्न है

दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में जनता बीजेपी सरकार को पलटना चाहती थी, जिसका सबसे बड़ा सबूत ये है कि अगर अच्छे काम किए होते तो 10 साल के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को चुनाव से ठीक पहले बदलना नहीं पड़ता। बीजेपी को समझ में आ गया था कि अच्छे काम नहीं किए हैं, जनता खुश नहीं है। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि देश में जब तक मैनेजमेंट से सरकारें बनेंगी, तब तक जनता की सुध नहीं ली जाएगी। चुनाव के बाद बीजेपी सरकार ने हरियाणा में विकास का कोई काम नहीं किया। 12 साल में न कोई यूनिवर्सिटी बनी न कोई अस्पताल बने न कोई कॉलेज बना। बीजेपी ने एक काम जरूर किया कि पूरे देश में बीजेपी के बड़े-बड़े दफ्तर बना दिए। हरियाणा को भगवान भरोसे छोड़ रखा है। बीजेपी ने सरकार बनने पर बड़े-बुजुर्गों को 6000 रुपये बुढ़ापा पेंशन, हर महिला को 2100 हर महीने देने, 500 रुपये में गैस सिलेंडर, 36 बिरादरी के गरीब, एससी, बीसी परवारों को हुड्डा सरकार की तरह 100-100 गज के प्लॉट की स्कीम दोबारा शुरू करने, पौने दो लाख HKRN के एंप्लॉई, सफाई कर्मियों को पक्का करने का वादा किया था। दीपेन्द्र हुड्डा ने सवाल किया कि बीजेपी सरकार में गाँव के किसी एससी, बीसी परिवार को सौ-सौ गज के प्लॉट मिले या नहीं? लोगों ने एक स्वर में कहा नहीं। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि बीजेपी ने जनता का दिल जीत कर नहीं भ्रष्टाचार से अर्जित काले धन और चुनाव आयोग के दुरुपयोग से सरकार बनाई है।

सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा जो हरियाणा 2014 से पहले विकास के मामले में देश में सबसे आगे प्रदेशों में गिना जाता था, प्रति व्यक्ति आय, विकास दर, प्रति व्यक्ति निवेश में देश में नंबर एक थे। आज हरियाणा बेरोजगारी में देश में नंबर एक, नशे में देश में नंबर एक, अपराध में नंबर एक, यहाँ के नौजवान को काम की तलाश में विदेशों की ओर पलायन करना पड़ रहा है। 2014 के पहले जिस हरियाणा की मिसाल अच्छी कानून-व्यवस्था के मामले में दी जाती थी वहाँ आज गैंगस्टरों का राज, फिरौती राज चल रहा है। हर रोज़ गोलियां चलने की खबरें आ रही हैं। जनता कष्ट का जीवन काट रही है, हरियाणा में बीजेपी के मंत्री, सांसद, बड़े-बड़े नेता अवैध कॉलोनियाँ, माइनिंग के ट्रकों की पर्ची काट रहे हैं। चुनाव आयोग, काले धन के दुरुपयोग से सारे जुगाड़ और इंतज़ामों से बनी बीजेपी सरकार के बैंक खाते में अकूत पैसा जमा है। ये सारा पैसा भ्रष्टाचार से हासिल किया गया है। चुनाव में बीजेपी ने जमकर पैसे बांटे।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पंजाब में जाकर कह रहे हैं कि एक बार सरकार बना दो पंजाब के सारे गैंगस्टरों को एक हफ्ते में पंजाब छुड़वा दूंगा। किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदा जाएगा और पूरी एमएसपी मिलेगी। हरियाणा के किसान ट्राली ले-लेकर पंजाब की मंडियों में जा रहे हैं और उसी मंडी के बाहर खड़े होकर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह कह रहे हैं कि मैं पंजाब में एक-एक दाना एमएसपी पर दिलाऊँगा। हरियाणा में फसल आई तो यहाँ किसान को न धान पर एमएसपी मिली न बाजरे पर मिली। उलटे कट लग रहा है। बाजार में चीनी रिकार्ड महंगी बिक रही है जबकि सरकार ने गन्ने पर सिर्फ ₹15 बढ़ाया। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि ये बहुत शातिर ताकतें हैं। वोट चोरी के साथ ही इनकी साजिशों से बचना पड़ेगा। बीजेपी की अलग-अलग टीम है कोई बी टीम है, कोई सी टीम है, वोट काटने के लिए और बीजेपी को जिताने के लिए ये ऐसी बी और सी टीम कैंडिडेट खड़ा करेगा, इनसे भी बचना होगा।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से सांसद वरुण चौधरी, विधायक रामकरण काला, विधायक मनदीप चट्ठा, पूर्व सांसद कैलाशो सैनी, कुरुक्षेत्र जिलाध्यक्ष पूर्व विधायक मेवा सिंह समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *