कुरुक्षेत्र, 19 अक्टूबर। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में यूनिवर्सिटी सीनियर सेकेंडरी मॉडल स्कूल में सोमवार को विजयदशमी के पावन अवसर पर दशहरा उत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। समारोह में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा की धर्मपत्नी डॉ. ममता सचदेवा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. वीरेंद्र सिंह की धर्मपत्नी डॉ. बबीता विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ।
विद्यालय परिसर में पहुंचने पर स्कूल की वाइस चेयरमैन प्रो. सुनीता दलाल और प्रधानाचार्य डॉ. सुखविंद्र सिंह ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत किया। समारोह में विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक अभिरुचि की झलक देखने को मिली।
मुख्य अतिथि डॉ. ममता सचदेवा ने अपने संबोधन में कहा कि दशहरा बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। यह पर्व हमें सत्य, सदाचार, सकारात्मकता और नैतिक मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अच्छे संस्कारों के साथ आगे बढ़ने तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का संदेश दिया। उन्होंने नशामुक्त समाज के निर्माण की आवश्यकता पर बल देते हुए विद्यार्थियों से नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
डॉ. ममता सचदेवा ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई रंगोली, द्वार सज्जा, मेहंदी, स्लोगन लेखन, पोस्टर निर्माण, बेकार वस्तुओं से उपयोगी सामग्री बनाने तथा दीया सजावट जैसी रचनात्मक गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा और सृजनात्मक सोच की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियां बच्चों में आत्मविश्वास, कल्पनाशीलता और रचनात्मक कौशल विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
समारोह के दौरान नर्सरी से पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में वर्षभर विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. सुखविंद्र सिंह ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय में संचालित शैक्षणिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय द्वारा किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित किया। साथ ही, विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों को दशहरा पर्व की शुभकामनाएं दीं। समारोह में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की वित्त अधिकारी कंचन, कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी एलुमनी एसोसिएशन के निदेशक प्रो. अनिल मित्तल, संस्कृत विभाग से डॉ. विजयश्री, डॉ. विनिता भांकर, डॉ. सुमन सिंह और डॉ. नीरा राघव सहित अन्य गणमान्य अतिथि, शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
