कुरुक्षेत्र, 18 अक्टूबर। राष्ट्रीय एकता दिवस-2026 के उपलक्ष्य में “Fight Against Drugs” थीम के तहत निकाली जा रही राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली का कुरुक्षेत्र पहुंचने पर कुरुक्षेत्र पुलिस द्वारा स्वागत किया गया। रैली का उद्देश्य युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और नशामुक्ति का संदेश प्रसारित करना है।
पुलिस अधीक्षक कुरुक्षेत्र श्री चन्द्र मोहन के दिशा-निर्देशानुसार रैली के स्वागत एवं आयोजन को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। रैली के निर्धारित मार्ग पर सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस द्वारा आवश्यक प्रबंध किए गए, ताकि मोटरसाइकिल रैली सुरक्षित एवं सुचारु रूप से अपने गंतव्य की ओर आगे बढ़ सके। रैली के पड़ाव के दौरान सैक्टर 2/3 कट के पास हरमन सिटी कुरुक्षेत्र के प्रवेश द्बारा पर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं स्थानीय लोगों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। स्वागत कार्यक्रम में राजकीय स्कूल उमरी, देवीदास पुरा,बिहौली तथा सिरसमा के विद्धार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत जहां मनोरजन किया वहीं बच्चों ने नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया। कार्यक्रम में “Say No to Drugs” अर्थात नशे को ना कहें का संदेश प्रमुखता से दिया गया। रैली के प्रतिभागियों और स्थानीय लोगों के बीच संवाद के माध्यम से युवाओं को नशे से होने वाले सामाजिक, शारीरिक और मानसिक नुकसान के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया। इस मौका पर डीएसपी यातया सुरेश कुमार, यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक सुखविन्द्र सिंह, रामकरण, कल्याण निरीक्षक रामपाल, थाना सदर प्रभारी उप निरीक्षक रंधीर सिंह सहित काफी संख्या में पुलिस कर्मचारी, स्कूली बच्चे व अध्यापक मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद रैली को आगे के लिए रवाना किया गया।
12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चलेगी जम्मू कश्मीर और लदाख पुलिस की रैली
मोटरसाइकिल रैली में शामिल जम्मू कश्मीर पुलिस के जवान मुदैसिर अहमद ने जानकारी देते बताया कि
जम्मू-कश्मीर पुलिस के डीएसपी शहजाद अहमद के नेतृत्व में 12 अक्टूबर 2026 को जम्मू-कश्मीर से नशामुक्ति का संदेश लेकर निकली यह बाइक रैली विभिन्न शहरों और कस्बों से होते हुए 31 अक्टूबर को गुजरात में सरदार वल्लभभाई पटेल की एकता प्रतिमा पर सम्पन्न होगी। रैली का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना और आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना है।
नशामुक्त भारत बनाना बाइक रैली का मुख्य मकसद
लद्दाख पुलिस की सब इंस्पेक्टर नाराज छरोल ने बताया यह संयुक्त बाइक रैली देशभर में नशामुक्ति का संदेश देते हुए गुजरात पहुंचेगी। इस अवसर पर सब इंस्पेक्टर नमराज छरोल ने स्कूली विद्यार्थियों को नशा न करने और दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि रैली के माध्यम से आमजन को संदेश दिया गया कि राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाने और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए नशे से दूरी बनाएं तथा नशामुक्त भारत के संकल्प में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
