विधानसभा अध्यक्ष ने एमडीडी बाल भवन का दौरा कर बच्चियों से किया संवाद, पढ़ाई के साथ खेलकूद व योग जैसी गतिविधियों में भाग लेने के लिए किया प्रेरित
सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सेवा भाव को जन-जन तक पहुंचाना : हरविंदर कल्याण
करनाल, 17 अक्तूबर।
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। यदि बच्चों को अच्छा वातावरण, उचित मार्गदर्शन और सही काउंसलिंग मिले, तो वे अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करते हुए जीवन में ऊंचाइयों को छू सकते हैं। बच्चों को अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करके उसे हासिल करने के लिए मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश में ऐसे अनेक उदाहरण हैं, जहां साधारण परिवारों से निकलकर बच्चों ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर सर्वोच्च पदों तक का सफर तय किया है।
विधानसभा अध्यक्ष श्री हरविंदर कल्याण शनिवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत एमडीडी बाल भवन पहुंचे। इस दौरान उन्होंने वहां रह रही बच्चियों से बातचीत की और उनके रहन-सहन व वातावरण के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद, योग और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि बच्चों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए।
इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज में सेवा कार्यों को बढ़ावा देना और सेवा भाव को जन-जन तक पहुंचाना है। अभियान के दौरान विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, ताकि अधिक से अधिक लोगों को सेवा कार्यों से जोड़ा जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य गरीबों और जरूरतमंदों को लाभ पहुंचाना तथा उनके जीवन की कठिनाइयों को कम करना है। इसके साथ ही विकास कार्यों के माध्यम से प्रदेश और देश को आगे बढ़ाना भी सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अपने 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में यह सिद्ध किया है कि सत्ता सेवा का माध्यम है। यह सेवा भाव प्रत्येक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आम नागरिक में होना चाहिए। यदि प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्यों और नियमों का पालन करते हुए जिम्मेदारी से कार्य करे, तो वह भी देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। उन्होंने आह्वान किया कि सभी लोग मिलकर देश को आगे बढ़ाने में अपनी भूमिका सुनिश्चित करें।
बेमौसमी बारिश से धान खरीद में आई दिक्कतें, सरकार समाधान के लिए गंभीर : हरविंदर कल्याण
धान खरीद के संबंध में पूछे गए सवाल पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि इस बार बेमौसमी बारिश के कारण किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा है। इसके अलावा व्यवस्थागत कारणों से भी कुछ दिक्कतें सामने आई हैं। कुछ व्यवस्थाओं में सुधार के लिए बदलाव किए जाते हैं, लेकिन इस दौरान भी कई बार समस्याएं आती हैं। सरकार इन समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से काम कर रही है और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी भी किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले समय में भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) की ओर से भी कुछ समस्याएं सामने आई थीं, जिनके समाधान के लिए मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के स्तर पर बातचीत की है। उन्होंने कहा कि किसान हमारे अन्नदाता हैं और वे स्वयं भी किसान परिवार से संबंध रखते हैं। किसान की खून-पसीने की कमाई उसकी फसल है। ऐसे में यह सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है कि किसान की फसल की उचित खरीद हो और उसकी मेहनत का फल उसे समय पर मिले। सरकार और प्रशासन इस दिशा में गंभीरता से प्रयास कर रहे हैं।
इस मौके पर एमडीडी बाल भवन के डायरेक्टर पी आर प्रधान, राजीव वर्मा, उप प्रधान अविनाश कुमारी, सचिव श्यामसुंदर पुरूथी, सह सचिव अमित कंबोज, परमिंदर पाल सिंह, सुभाष बधवा , लाभ सिंह लाटर, अंजू शर्मा, राजेश कुमार सहित
अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *