फसल खरीद में किसानों को किसी भी स्तर पर परेशानी न हो -श्याम सिंह राणा
हरियाणा सरकार मंडियों में धान की खरीद के साथ तत्काल उठान सुनिश्चित करेगी
शाहाबाद, 09 अक्टूबर। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि हरियाणा सरकार किसानों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए कार्य कर रही है। फसल खरीद में किसानों को किसी भी स्तर पर परेशानी नहीं होने दी जाएगी।सरकार का लक्ष्य है कि मंडी में आने वाले प्रत्येक किसान की फसल का एक-एक दाना एमएसपी पर खरीदा जाए।
हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग मंत्री श्याम सिंह राणा ने शुक्रवार को शाहाबाद अनाज मंडी का औचक निरीक्षण किया और धान खरीद प्रक्रिया की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने मंडी में धान की आवक, खरीद, तुलाई, उठान और भुगतान व्यवस्था का जायजा लिया तथा किसानों, आढ़तियों और खरीद एजेंसियों के अधिकारियों से बातचीत की। इस दौरान हरियाणा राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के चेयरमैन सुभाष कलसाना भी उनके साथ मौजूद रहे।
कैबिनेट श्याम सिंह राणा ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि हरियाणा सरकार मंडियों में धान की खरीद के साथ-साथ तत्काल उठान सुनिश्चित करेगी, ताकि मंडियों में जगह की कमी न हो और किसानों को अपनी फसल उतारने में कोई दिक्कत न आए। उन्होंने कहा कि खरीद, उठान और भुगतान की पूरी व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहे, इसके लिए सभी एजेंसियां तालमेल के साथ काम करें।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की धान का एक-एक दाना खरीदेगी और किसी भी किसान को परेशानी नहीं आने दी जाएगी। कुरुक्षेत्र जिले में धान की खरीद के लिए प्रति एकड़ 29 क्विंटल की सीमा निर्धारित है। यदि किसी किसान की फसल का उत्पादन इससे अधिक है तो वह इसकी सूचना मंडी सचिव को दे। मंडी सचिव इस मामले की जानकारी एसडीएम, उपनिदेशक कृषि और उपायुक्त को दें ताकि किसानो की फसल का दाना दाना खरीदा जा सके।
गड़बड़ी मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि जिन मंडियों में जगह की कमी है, वहां किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन नियमानुसार अनुमति ले सकता है। हालांकि, इस व्यवस्था में किसी प्रकार की गड़बड़ी या भ्रष्टाचार की शिकायत मिलती है तो सरकार सख्त कार्रवाई करेगी।
कृषि मंत्री ने किसानों से अपील की कि वे धान को अच्छी तरह सुखाकर ही मंडियों में लेकर आएं। खरीद के लिए धान में नमी की मात्रा 17 प्रतिशत तक निर्धारित है। उन्होंने कहा कि खरीद एजेंसियां निर्धारित मानकों के अनुसार धान खरीद रही हैं और किसानों को पूरा तोल व पूरा मूल्य देने के सिद्धांत पर भुगतान किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि 29 सितंबर के बाद का कुछ डाटा सत्यापित होना बाकी है। इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं और जल्द ही सत्यापन पूरा कर लिया जाएगा।
किसानों की धान का समय पर हो रहा भुगतान : सुभाष कलसाना
चेयरमैन सुभाष कलसाना ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी धान खरीद व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। सरकार की प्राथमिकता है कि किसानों को फसल बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर भुगतान किया जा रहा है और शाहाबाद अनाज मंडी में धान का उठान भी तेजी से हो रहा है।
इस अवसर पर एसडीएम शंभू राठी, मार्केट कमेटी सचिव कृष्ण कुमार मलिक, मार्केट कमेटी चेयरमैन कर्ण राज सिंह तूर, वाइस चेयरमैन तिरलोचन सिंह हांडा, मंडी प्रधान धनपत राय अग्रवाल, मंडी प्रधान बिट्टू कालड़ा, पार्षद दीपक आनंद, अधिवक्ता मनदीप रावा, रिंकू चहल, रोहित सैनी यारा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
