नीलोखेड़ी/करनाल, 2 अक्तूबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम के तहत आज उपमंडल नीलोखेड़ी की गोल मार्केट में एक विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नीलोखेड़ी के विधायक भगवान दास कबीरपंथी एवं एसडीएम अशोक कुमार द्वारा संयुक्त रूप से की गई। अभियान के दौरान विधायक भगवान दास कबीरपंथी तथा एसडीएम अशोक कुमार ने स्वयं झाड़ू उठाकर सफाई की और बाजार क्षेत्र में व्यापक स्वच्छता कार्य संपन्न कराया।
इस मौके पर विधायक भगवान दास कबीरपंथी ने कहा कि सफाई केवल एक दिन का कार्य नहीं, बल्कि इसे अपनी दिनचर्या और संस्कारों का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने सभी नागरिकों से सेवा भाव के साथ समाज के विकास एवं स्वच्छता में अपना सक्रिय योगदान देने का संकल्प दिलाया।
इस अवसर पर उपमंडल प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय गणमान्य व्यक्ति तथा व्यापारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने मिलकर गोल मार्केट और आसपास के परिसरों की सफाई की तथा आमजन को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया।
