1946 में इसी आश्रम से हुई थी सार्वजनिक गीता जयंती समारोह की शुरुआत, 80 साल पुरानी ऐतिहासिक विरासत को संजोने की तैयारी
———–
दो दिवसीय आयोजन में जुटेंगे साधु-संत, महंत और विद्वान, गीता यज्ञ, सम्मेलन, भजन-कीर्तन और विशाल भंडारे का होगा आयोजन
कुरुक्षेत्र, 13 नवंबर (सोनिका वधवा) धर्मनगरी कुरुक्षेत्र की पहचान केवल महाभारत और भगवान श्रीकृष्ण के गीता उपदेश तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इस पावन धरती पर गीता जयंती को सार्वजनिक उत्सव के रूप में मनाने की एक ऐसी ऐतिहासिक परंपरा भी जुड़ी हुई है, जिसकी शुरुआत आज से करीब 80 वर्ष पहले भारत सेवाश्रम संघ के परिसर से हुई थी। जिस स्थान से गीता जयंती समारोह को सार्वजनिक रूप देने की ऐतिहासिक पहल हुई, उसी भारत सेवाश्रम संघ में एक बार फिर भक्ति, श्रद्धा और सनातन संस्कृति का भव्य संगम देखने को मिलेगा।
भारत सेवाश्रम संघ, रेलवे रोड कुरुक्षेत्र में 19 और 20 दिसंबर 2026 को 79वां कुरुक्षेत्र उत्सव, गीता जयंती समारोह एवं हिंदू धर्म संस्कृति सम्मेलन श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। दो दिवसीय इस धार्मिक आयोजन में देशभर से महंत, साधु-संत, विद्वान और कीर्तन मंडलियां पहुंचेंगी। इस दौरान गीता यज्ञ, धार्मिक सम्मेलन, पूजा-अर्चना, आरती, भजन-कीर्तन और सामूहिक प्रार्थना जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बॉक्स
*1946 में रखी गई थी ऐतिहासिक नींव*
इस आयोजन का सबसे महत्वपूर्ण पहलू इसका ऐतिहासिक महत्व है। वर्ष 1946 में स्वामी प्रणवानंद जी महाराज के शिष्यों और स्थानीय धर्मप्रेमियों के सहयोग से कुरुक्षेत्र में पहली बार सार्वजनिक रूप से गीता जयंती समारोह का आयोजन भारत सेवाश्रम संघ के पंडाल में किया गया था। यहीं से धर्मनगरी में गीता जयंती को सार्वजनिक उत्सव के रूप में मनाने की परंपरा ने गति पकड़ी।
बॉक्स
*आश्रम से ब्रह्मसरोवर तक पहुंचा महोत्सव*
समय के साथ इस धार्मिक आयोजन का स्वरूप लगातार भव्य होता गया। वर्ष 1968 में कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड यानी केडीबी के गठन के बाद गीता जयंती समारोह को ब्रह्मसरोवर के तट पर आयोजित किया जाने लगा। वर्ष 1989 में प्रदेश सरकार ने इसे और भव्य स्वरूप प्रदान किया। इसके बाद वर्ष 2016 से यह आयोजन अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के नाम से विश्व पटल पर अपनी पहचान बना चुका है।
बॉक्स
*दोनों दिन होंगे धार्मिक कार्यक्रम*
भारत सेवाश्रम संघ प्रबंधन की ओर से दो दिवसीय समारोह की रूपरेखा भी निर्धारित कर दी गई है। दोनों दिन सुबह 9 बजे से 11 बजे तक गीता यज्ञ होगा। इसके बाद 11 से 12 बजे तक गीता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। दोपहर 12 से 1 बजे तक पूजा, आरती और भजन-कीर्तन होंगे।
बॉक्स
*शाम को भजन-कीर्तन और सामूहिक प्रार्थना*
सायंकाल 5 से 7 बजे तक भजन-कीर्तन के माध्यम से श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होंगे। शाम 7 से 8 बजे तक संध्या पूजा एवं आरती होगी, जबकि रात 8 से 9 बजे तक सामूहिक प्रार्थना का आयोजन किया जाएगा।
बॉक्स
*20 दिसंबर को विशाल भंडारे का आयोजन*
समारोह के अंतिम दिन रविवार, 20 दिसंबर को दोपहर 1 बजे से विशाल भंडारे एवं प्रसाद वितरण का शुभारंभ होगा। भारत सेवाश्रम संघ के सन्यासी एवं ब्रह्मचारी वृंद ने सभी धर्मप्रेमियों से सपरिवार और इष्ट-मित्रों सहित समारोह में पहुंचने का आह्वान किया है।
