स्टार्टअप हरियाणा-सेवा संकल्प, विचार से विस्तार तक राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश के हजारों युवाओं को मिलेगा मंच:पंकज सेतिया
कुरुक्षेत्र 30 सितंबर अतिरिक्त उपायुक्त पंकज सेतिया ने कहा कि हरियाणा सरकार के सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्टार्टअप हरियाणा-सेवा संकल्प, विचार से विस्तार तक राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश के हजारों युवाओं को बेहतरीन मंच मिलेगा। इस मंच की शुरुआत 2 अक्टूबर को कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मिलेगा। इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे और प्रदेश के युवाओं को स्टार्टअप और आत्मनिर्भरता का मंत्र देंगे।
अतिरिक्त उपायुक्त पंकज सेतिया बुधवार को राज्य स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी का निरीक्षण कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हरियाणा के युवाओं के सपनों को उड़ान देने का एक सशक्त मंच है। प्रदेश सरकार का स्पष्ट विजन है कि हरियाणा का युवा केवल नौकरी मांगने वाला न बने, बल्कि नौकरी देने वाला बने। इसी सोच के साथ स्टार्टअप हरियाणा की परिकल्पना की गई है। उन्होंने कहा कि उद्योग एवं वाणिज्य विभाग, हरियाणा द्वारा प्रदेश भर के हजारों युवाओं का चयन किया गया है, जिन्होंने स्टार्टअप, इनोवेशन, एग्री-टेक, हेल्थ-टेक, एजुकेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और ग्रीन एनर्जी जैसे क्षेत्रों में अपने अभिनव विचार प्रस्तुत किए हैं। ये सभी चयनित युवा इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम के दौरान सफल स्टार्टअप संस्थापकों द्वारा अपने अनुभव साझा किए जाएंगे। इसके साथ ही सरकारी योजनाओं, फंडिंग, मेंटरशिप और मार्केट लिंकेज के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य में स्टार्टअप और इनोवेशन इकोसिस्टम को सुदृढ़ करना, ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के प्रतिभाशाली उद्यमियों और स्टार्टअप की पहचान करना, उन्हें सही मार्गदर्शन देना और निवेशकों, उद्योगपतियों, शिक्षण संस्थानों और स्टार्टअप्स को एक ही मंच पर लाकर उन्हें आपस में जोड़ना, ताकि एक मजबूत नेटवर्क तैयार हो सके। उपायुक्त ने विभिन्न विभागों को कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई। उन्होंने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय प्रशासन को मंच सज्जा, साउंड सिस्टम, एलईडी स्क्रीन, बैठने की व्यवस्था और साफ-सफाई की जिम्मेदारी दी। पुलिस विभाग को सुरक्षा व्यवस्था, वीवीआईपी प्रोटोकॉल, पार्किंग स्थलों का चिन्हित और यातायात नियंत्रण के पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन और विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग को कार्यक्रम स्थल पर एंबुलेंस, डॉक्टरों की टीम और फस्र्ट-एड की व्यवस्था, नगर परिषद को स्वच्छता और मोबाइल शौचालय, बिजली विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति और जनरेटर बैकअप तथा जनस्वास्थ्य विभाग को स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
अतिरिक्त उपायुक्त पंकज सेतिया ने कहा कि 2 अक्टूबर का दिन ऐतिहासिक है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम सेवा, स्वावलंबन और संकल्प का प्रतीक बनेगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस अवसर पर स्टार्टअप हरियाणा पोर्टल के नए फीचर्स और युवाओं के लिए कई नई प्रोत्साहन योजनाओं की घोषणा भी कर सकते हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों से अपील की है कि वे आपसी तालमेल के साथ काम करें और इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम को सफल बनाएं ताकि कुरुक्षेत्र से पूरे प्रदेश के युवाओं के लिए एक सकारात्मक संदेश जाए।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *