मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें, चुनाव आयोग पर हुए खुलासे से बीजेपी की तमाम साजिशें और षड्यन्त्र धीरे-धीरे देश के सामने आ गया – दीपेन्द्र हुड्डा
- 2 चुनाव आयुक्तों के खुलासे से स्पष्ट हो गया कि हरियाणा में गिनती से एक दिन पहले CM नायब सैनी जिन इंतज़ामों की बात कह रहे थे, वो क्या थे – दीपेन्द्र हुड्डा
- बीजेपी ने हरियाणा में जनभावना से नहीं भ्रष्टाचार से अर्जित काले धन व चुनाव आयोग का दुरुपयोग करके सरकार बनाई – दीपेन्द्र हुड्डा
- मुख्यमंत्री अपने वादे के मुताबिक किसानों को PR धान का ₹3100 प्रति क्विंटल का भाव दिलाएं– दीपेन्द्र हुड्डा
- लाडवा बाईपास पर फोरलेन, यमुनानगर का काम शुरू भी नहीं हुआ जबकि बीजेपी ने वादा किया था कि सरकार बनते ही काम शुरू होगा – दीपेन्द्र हुड्डा
कुरुक्षेत्र, 25 सितंबर। सांसद दीपेन्द्र हुड्डा आज लाडवा ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि बीजेपी की तमाम साजिशें और षड्यन्त्र धीरे-धीरे देश के सामने आ रहा है। कल ही चुनाव आयोग को लेकर बड़ा खुलासा हुआ, इसके बाद तो अब कोई सबूत देने की भी जरूरत नहीं बची। चुनाव आयोग के तीन में से दो चुनाव आयुक्तों ने 10 महीने में 14 बार लिखकर कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार गलत कर रहे हैं, देश में वोट चोरी करवा रहे हैं। हरियाणा के बारे में लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके सबूत के साथ बताया था कि कैसे हरियाणा में पूरी सरकार चोरी की गई है। इस खुलासे से स्पष्ट हो गया कि हरियाणा में गिनती से एक दिन पहले नायब सिंह जी जिन इंतज़ामों की बात कह रहे थे वो क्या थे! बीजेपी ने जनभावना से नहीं साम, दाम, दंड, भेद, भ्रष्टाचार से अर्जित काले धन और चुनाव आयोग के दुरुपयोग से सरकार बनाई है। 2 चुनाव आयुक्तों के रहस्योद्घाटन से साफ है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने हरियाणा चुनावों में बड़े स्तर पर धांधली कराई। चुनाव आयोग ने भाजपा आयोग बनकर काम किया है। हरियाणा में मात्र आधे प्रतिशत वोटों के अंतर से फैसला हुआ है। यहाँ वोट चोरी ही नहीं पूरी सरकार चोरी हुई है। उन्होंने मांग करी कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें और हरियाणा में विधानसभा भंग कर नये चुनाव कराए जाएँ नहीं तो जनता का चुनाव आयोग से विश्वास खत्म हो जाएगा।
सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि बीजेपी जनता को भूलकर, जनता से किए गए वायदों को भूलकर राज चला रही है। क्योंकि जनभावना को चोरी करके सरकार बनी है। इसलिए बीजेपी भ्रष्टाचार करने में लगी है। हरियाणा भ्रष्टाचार में भी नंबर एक बन गया है। जनता तो कष्ट के दिन काट रही है और बीजेपी सरकार में मंत्री, नेता कॉलोनियां काट रहे हैं। हरियाणा के मुख्यमंत्री पंजाब में वायदा कर रहे हैं कि पंजाब में सारी फसलें एमएसपी पर खरीदवाएंगे। जबकि हरियाणा की मंडियों में बाजरा आ गया और बाजरे की एमएसपी 2900 है लेकिन किसानों को सिर्फ 1900 मिल रहा है। 1000 रुपये का कट लग रहा है। इन्होंने तीन सीजन पहले कहा था PR किस्म का धान का रेट 3100 दिलवाएंगे। हरियाणा में धान मंडी में आ गया है। मुख्यमंत्री अपने गृह क्षेत्र में ही इस सीजन किसानों को PR धान का ₹3100 प्रति क्विंटल का भाव दिलाएं। अगर ₹3100 नहीं दे सकते तो कम से कम तय MSP ₹2400 पर तो बिना किसी कट के धान की खरीद करवा दें। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि किसानों को MSP मिलना तो दूर शाहबाद में किसानों पर लाठीचार्ज हो रहा है। उन्होंने मांग करी कि मुख्यमंत्री हरियाणा के किसानों को PR धान का ₹3100 प्रति क्विंटल का भाव दिलाएं या जवाब दें। उन्होंने यह भी कहा कि 2004 में जब हरियाणा में कांग्रेस सरकार बनी उस समय गन्ने का भाव ₹100 करीब था। उसको हमने बढ़ाकर ₹310 किया, जो 165% बढ़ोतरी थी और देश में सबसे ज्यादा थी। पिछले 12 साल में बीजेपी सरकार ने गन्ने का भाव ₹310 से केवल ₹408 किया है जो केवल 31% वृद्धि है। हमारे समय गन्ने के भाव में हर साल 22.5% बढ़ोतरी होती थी, उसकी आधी बढ़ोतरी भी बीजेपी सरकार में नहीं हुई। बीजेपी सरकार ने पिछले 12 साल में ₹100 भी पूरा नहीं बढ़ाया।
सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा जो हरियाणा 2014 से पहले विकास के मामले में देश में सबसे आगे प्रदेशों में गिना जाता था, प्रति व्यक्ति आय, विकास दर, प्रति व्यक्ति निवेश में देश में नंबर एक थे। गुजरात से तीन गुना अधिक निवेश हरियाणा में आता था। खेल-खिलाड़ियों के मान-सम्मान में, किसान के हितों की नीतियों में चाहे किसानों का 1600 करोड़ बिजली बिल माफ करना हो या कोऑपरेटिव कर्ज माफी की बात हो; चाहे बिजली के स्लैब सिस्टम को लागू करने की बात हो या फसलों का उचित भाव देने की बात हो, गन्ने का सबसे ज्यादा भाव देने में हरियाणा का नाम था। कांग्रेस सरकार की गरीब कल्याण नीतियों ने 100-100 गज के मुफ़्त प्लॉट दिए, पीने के पानी की टंकी-टोंटी की व्यवस्था की, वजीफे दिलवाए, आपस में अमन-चैन, भाईचारे में देश में सबसे आगे हरियाणा का नाम लिया जाता था। आज वो हरियाणा देश में बेरोजगारी, नशे, विदेशों में पलायन, अपराध, भ्रष्टाचार में नंबर वन है। देश में सबसे ज्यादा पलायन अगर कहीं का युवा डोंकी के रास्ते और बाकी रास्तों से बाहर के मुल्कों में कर रहा है, तो वो हरियाणा का युवा है, क्योंकि हरियाणा में रोजगार नहीं मिल रहा। मुख्यमंत्री जी के खुद के गृह क्षेत्र में अपराध चरम पर है। दिनदाहाड़े फायरिंग, फिरौतियों की खबरें आती हैं।
दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि बीजेपी ने चुनाव के समय वादा किया था कि सरकार बनते ही अगले महीने लाडवा बाईपास का काम शुरू हो जाएगा, फोरलेन सड़क बन जाएगी। लेकिन यमुनानगर तक और लाडवा बाईपास पर फोरलेन का काम शुरू भी नहीं हुआ। बीजेपी ने सरकार बनने पर बड़े-बुजुर्गों को 6000 रुपये बुढ़ापा पेंशन, हर महिला को 3100 हर महीने देने, 500 रुपये में गैस सिलेंडर, 36 बिरादरी के गरीब, एससी, बीसी परवारों को हुड्डा सरकार की तरह 100-100 गज के प्लॉट की स्कीम दोबारा शुरू करने, पौने दो लाख HKRN के एंप्लॉई को पक्का करने का वादा किया था। दीपेन्द्र हुड्डा ने सवाल किया कि बीजेपी सरकार में गाँव के किसी एससी, बीसी परिवार को सौ-सौ गज के प्लॉट मिले या नहीं? उन्होंने कहा कि गाँव के एक एससी समाज के भाई ने जब बीजेपी सरकार के स्कूल, अस्पताल की सच्चाई दिखाई तो सरकार ने उसके घर पर बुलडोजर चलवा दिया। बीजेपी सरकार गरीबों के आशियाने तोड़ रही है। बीजेपी ने खेल-खिलाड़ियों का मान-सम्मान, कानून व्यवस्था बहाल करने, हरियाणा से अपराधियों, गैंगस्टरों का सफाया करने, युवाओं को रोजगार देने का वादा किया लेकिन HPSC, HSSC लिस्ट में हरियाणा से ज्यादा हरियाणा के बाहर के बच्चों को लगाया जा रहा है। जबकि, नायब सिंह जी हरियाणा आकर कहते हैं कि “मेरे कहने से तो दो चपरासियों की बदली भी नहीं हो रही”।
उन्होंने कहा केंद्र सरकार का रिपोर्ट कार्ड ये है कि साढ़े 12 साल बाद देश का नौजवान सड़कों पर आ गया। बीजेपी सरकार ने अगली पीढ़ी का भविष्य बिगाड़ दिया। नौजवान सड़कों पर उतरकर पूछने लगे कि उनका भविष्य चौपट क्यों हो गया? देश में रोजगार क्यों नहीं है? देश की शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा व्यवस्था चौपट क्यों हो गई? युवाओं का भविष्य अंधकार में क्यों दिखाई दे रहा है? जिस बेरहमी से सरकार ने किसान की आवाज कुचलने की साजिश रची, उसी बेरहमी से इन नौजवानों की भी आवाज कुचलने की साजिश रच दी गई। पुलिस ने जंतर मंतर पर बच्चों के साथ बर्बरता की, उन पर लाठियाँ, आँसू गैस के गोले, पैलेट गन चलवाए, बिहार में AK-47 से गोलियां दागी। जब युवा पीछे नहीं हटे तब जाकर उन लोगों ने जो कहते थे, “हमारी सरकार में किसी के इस्तीफे नहीं होते”, शिक्षा मंत्री का इस्तीफा करवाया।
इस अवसर पर सांसद वरुण चौधरी, विधायक अशोक अरोड़ा, विधायक रामकरण काला, विधायक मंदीप चट्ठा, पूर्व विधायक मेवा सिंह, पूर्व सांसद कैलाशो सैनी, पूर्व विधायक रमेश गुप्ता, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पगवंत विर्क, जिला पार्षद सचिन बुढ़नपुर, जिला पार्षद जसबीर पंजेटा, मोहनलाल भामरा, प्रदीप पंजेटा, पवन चौधरी, भीम मलिक, संजीव सैनी, रवि देशवाल, दीपक मोरथला, शमशेर मलिक, कुलदीप सिंह, सिमरत सिंह, सुरेन्द्र हैप्पी, जितेंद्र रादौर, रणधीर सिंह, सौरभ धनोरा, युवा कांग्रेस, NSUI, सेवा दल, महिला कांग्रेस के पदाधिकारियों समेत स्थानीय नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
****
