शक्ति केंद्र की टिफिन बैठक में महापौर ने कार्यकर्ताओं से किया संवाद, संगठनात्मक विषयों पर विमर्श
बोलीं—भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की शक्ति, सेवा और राष्ट्रहित का संकल्प लेकर आगे बढ़ना सांझा दायित्व
करनाल। भारतीय जनता पार्टी के संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से रविवार को सेक्टर-13 में शक्ति केंद्र की मासिक टिफिन बैठक का आयोजन किया गया। शक्ति केंद्र प्रमुख पुनीत खन्ना के निवास स्थान पर आयोजित बैठक में महापौर रेणु बाला गुप्ता ने सक्रिय सहभागिता करते हुए कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक विषयों पर सार्थक संवाद और विचार-विमर्श किया।
बैठक के दौरान संगठन की गतिविधियों, कार्यकर्ताओं के आपसी समन्वय तथा जनसेवा से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि कार्यकर्ताओं के बीच निरंतर संवाद ही संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने की सबसे बड़ी ताकत है। टिफिन बैठकों जैसे कार्यक्रम कार्यकर्ताओं को एक-दूसरे से सीधे जुड़ने, अनुभव साझा करने और संगठन के आगामी कार्यों को लेकर बेहतर समन्वय बनाने का अवसर प्रदान करते हैं।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की शक्ति है। कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और आपसी सहयोग से ही संगठन निरंतर मजबूत होता है। हमारा संकल्प केवल संगठन को मजबूत करना नहीं, बल्कि राष्ट्र और समाज की सेवा के कार्यों को भी निरंतर गति देना है। कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझें और सेवा भावना के साथ समाधान की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि संगठनात्मक बैठकों का उद्देश्य केवल विचार-विमर्श तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इनमें तय किए गए विषयों को धरातल पर उतारने के लिए सामूहिक प्रयास भी होने चाहिए। मजबूत संगठन और सक्रिय कार्यकर्ता ही जनसेवा के संकल्प को प्रभावी रूप से आगे बढ़ा सकते हैं।
सांगठनिक विषयों पर मंथन
इस अवसर पर कर्ण मंडल अध्यक्ष नवीन बत्रा, शक्ति केंद्र प्रभारी पायल अरोड़ा, बूथ अध्यक्ष सुरेश राणा, कर्ण मंडल उपाध्यक्ष विकास सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक प्रभावी बनाने तथा सेवा गतिविधियों को गति देने को लेकर अपने विचार भी साझा किए।
