-मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं पारदर्शी बनाने के लिए अधिकारी पूरी तत्परता से करें कार्य- मंडलायुक्त
-राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी करें पूर्ण सहयोग

अंबाला, 19 अगस्त। मंडल आयुक्त संजीव वर्मा ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत संबंधित निर्वाचन पंजीयन अधिकारी (ईआरओ), सहायक निर्वाचन पंजीयन अधिकारी (एईआरओ) तथा अन्य संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र मतदाता, मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने से वंचित न रहे। अंतिम मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम शामिल हो और मतदाता सूची त्रुटिरहित व अपडेटेड हो, इसके लिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर निर्धारित समय में पूरी तत्परता एवं जिम्मेदारी से कार्य करें।
मंडल आयुक्त संजीव वर्मा बुधवार को उपायुक्त कार्यालय के सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से एसआईआर के दूसरे चरण के तहत किए जा रहें कार्य प्रक्रिया की विस्तारपूर्वक जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और लोकतंत्र की मजबूती में निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। एक मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए मतदाता सूची का शुद्ध, अपडेटेड और त्रुटिरहित होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के दौरान पात्र मतदाताओं के नाम शामिल करने के साथ-साथ मृत, स्थानांतरित अथवा अपात्र मतदाताओं से संबंधित मामलों की भी नियमानुसार जांच की जाए। किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम किसी तकनीकी अथवा जानकारी के अभाव में सूची से बाहर न रहें। जिन मतदाताओं को पूर्ण जानकारी के अभाव अथवा अन्य कारणों से नोटिस प्राप्त हुए हैं, वे अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक एवं सही जानकारी उपलब्ध करवाएं तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपने दावे एवं आपत्तियां दर्ज करवाएं। उन्होंनेे निर्देश दिए कि कॉलेजों अन्य शैक्षणिक संस्थानों में विशेष जागरूकता शिविरों के माध्यम से 18 वर्ष या उससे अधिक आयु पूर्ण कर चुके पात्र युवाओं को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी आह्वान किया कि वे एसआईआर-2026 के कार्य में जिला प्रशासन का पूर्ण सहयोग करें। राजनीतिक दल अपने बूथ लेवल एजेंटों एवं कार्यकर्ताओं के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक करने में सहयोग करें तथा मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए सही जानकारी प्रशासन के साथ साझा करें।
बॉक्स:- मंडलायुक्त ने किया पोलिंग बूथों का निरीक्षण
बैठक से पहले मंडल आयुक्त संजीव वर्मा ने विभिन्न पोलिंग बूथों का निरीक्षण भी किया। जिनमें अंबाला छावनी में कैंटोनमेंट स्कूल तोपखाना के बूथ शामिल है। इस दौरान एसडीएम अंबाला छावनी कनिका गोयल भी मौजूद रहीं। उन्होंने बूथों पर संबंधित बीएलओ द्वारा किए जा रहे एसआईआर कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने दावों एवं आपत्तियों से संबंधित नोटिस की प्रक्रिया, मतदाता पंजीकरण से संबंधित कार्य तथा अन्य एसआईआर कार्यों का जायजा लिया और जरूरी निर्देश दिए।
इस अवसर पर आयुक्त नगर निगम विरेंदर सिंह शेरावत, एसडीएम कनिका गोयल, एसडीएम सतिंद्र सिवाच, एसडीएम शिवजीत भारती, एसडीएम दर्शन कुमार, नगराधीश अभिषेक गर्ग, चुनाव तहसीलदार गुलशन शर्मा, चुनाव कार्यालय से मंजू सैनी, प्रीतम, रूचि, राजनैतिक दलो के प्रतिनिधि व अन्य संबंधित उपस्थित रहें।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *