करनाल, 14 अगस्त। सीटीएम सुरेश कुमार ने कहा कि समाधान शिविरों में प्राप्त होने वाली शिकायतों का निपटारा प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही ना बरतें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अगली बैठक तक सभी लंबित शिकायतों का समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ समाधान हो चुकी शिकायतों की कार्रवाई रिपोर्ट (एटीआर) पोर्टल पर दर्ज की जाए। विभागों के अधिकारी शिकायतों का निवारण करके समाधान स्कोर को बढ़ाएं, पेंडेंसी न रखें तथा ओवरड्यू शिकायतों को कम किया जाए।
सीटीएम शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों के समाधान को लेकर समीक्षा बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे थे। इससे पहले चंडीगढ़ से मुख्यमंत्री के ओएसडी राकेश संधू ने जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से समाधान प्रकोष्ठ की साप्ताहिक समीक्षा की और निर्देश दिए कि
नगराधीश हर माह में एक बार एमिनेंट पर्सन के साथ सीएम विंडो की शिकायतों को लेकर बैठक करें ताकि शिकायतों का तत्परता से समाधान किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि सभी जिलों के अधिकारी शिकायतों के समाधान स्कोर, एटीआर स्कोर को बढ़ाएं तथा ओवरड्यू शिकायतों को कम किया जाए। उन्होंने कहा कि एमिनेंट पर्सन को स्वतंत्रता दिवस समारोह कार्यक्रम के लिए निमंत्रण दिया जाए। उन्होंने एमिनेंट पर्सन से भी अनुरोध किया कि एक शिकायत पर ही एक ही एमिनेंट पर्सन साइन करे। सीएम विंडो व समाधान शिविर में आई शिकायतों के समाधान को लेकर एमिनेंट पर्सन से फीडबैक लिया और उनके सुझाव आमंत्रित किए।
बैठक में सीटीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभागाध्यक्ष यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय-सीमा के भीतर समाधान हो ताकि लोगों का सरकार और प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो। उन्होंने कहा कि जिन शिकायतों का निपटारा हो जाता है उसकी एटीआर समय पर सबमिट करवाएं। अगर किसी में कोई दिक्कत आती है तो संबंधित विभाग अपने मुख्यालय से बातचीत करके उनका समाधान करवाएं। इस अवसर विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
