करनाल, 12 अगस्त। सांसद मनोहर लाल के प्रतिनिधि कविंद्र राणा ने बुधवार को एच एस वी पी कार्यालय परिसर में हरियाली अमावस्या के अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान तहत पौधा रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर कविंद्र राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। मां के सम्मान में लगाया गया प्रत्येक पौधा भावनात्मक जुड़ाव के साथ-साथ आने वाली पीढिय़ों के लिए स्वच्छ, स्वस्थ एवं हरा-भरा वातावरण तैयार करने का संकल्प भी है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा भी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण और प्रदेश में हरियाली बढ़ाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं एवं अभियान चलाए जा रहे हैं। इन योजनाओं के माध्यम से पौधारोपण को बढ़ावा देने के साथ-साथ पुराने एवं महत्वपूर्ण पेड़ों के संरक्षण, शहरी क्षेत्रों में हरित क्षेत्र विकसित करने तथा आमजन को पर्यावरण संरक्षण से जोडऩे पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुडक़र अपनी मां के सम्मान में पौधा लगाएं और उसे वृक्ष बनने तक उसकी देखभाल करने का संकल्प लें।
