एनडीआरआई चौक से शुरू होकर गीता द्वार होते हुए वापस एनडीआरआई चौक पहुंचेगी रैली
विधायक जगमोहन आनंद करेंगे रैली को झंडी दिखाकर रवाना
करनाल, 11 अगस्त। हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिला प्रशासन द्वारा 13 अगस्त को करनाल में आयोजित की जाने वाली तिरंगा साइकिल रैली की तैयारियों को लेकर आज एसडीएम करनाल देवेंद्र शर्मा की अध्यक्षता में उनके कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने भाग लिया और रैली के सफल आयोजन को लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श किया।
एसडीएम देवेंद्र शर्मा ने बताया कि 13 अगस्त को प्रात: 6:30 बजे तिरंगा साइकिल रैली एनडीआरआई चौक से शुरू होगी। रैली गीता द्वार होते हुए वापस एनडीआरआई चौक पर समापन होगा। करनाल के विधायक जगमोहन आनंद रैली को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। उन्होंने बताया कि रैली स्थल पर हर घर तिरंगा अभियान की प्रदर्शनी लगाई जाएगी और सेल्फी पॉइंट भी स्थापित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि रैली में बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी, जिला प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, एनजीओ प्रतिनिधि तथा करनाल जिले के नागरिक भाग लेंगे। रैली के माध्यम से नागरिकों में राष्ट्रभक्ति की भावना को और अधिक मजबूत करने तथा हर घर तिरंगा अभियान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया जाएगा।
एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को रैली के दौरान सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में बीईओ संजीव कौशिक, आरडब्ल्यूए प्रतिनिधि जोगिंदर, जिला खेल अधिकारी तथा जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के प्रतिनिधि सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
श्री देवेंद्र शर्मा ने जिलावासियों से आह्वान किया कि 80 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित इस तिरंगा साइकिल रैली में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और राष्ट्र के गौरव को बढ़ाने में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है।
