कुरुक्षेत्र, 8 अगस्त। हरियाणा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि जिला कुरुक्षेत्र में राज्य स्तरीय तिरंगा यात्रा का आयोजन 10 अगस्त को सायं 4 बजे सेक्टर 2 पिपली से किया जाएगा। यह तिरंगा यात्रा लघु सचिवालय शहीदी स्मारक पर सम्पन्न होगी। इस तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री नायब सिहं सैनी शामिल होंगे। इस तिरंगा यात्रा को ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए हजारों की संख्या में हर वर्ग के लोग भाग लेंगे। इतना ही नहीं युवा वर्ग मेंं तिरंगा यात्रा को लेकर खासा उत्साह है और विशाल राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा यात्रा में मुख्य आकर्षण का केन्द्र रहेगा।
पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा शनिवार को सेक्टर 7 आवास कार्यालय पर तिरंगा यात्रा को लेकर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा को लेकर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में खासा जोश देखने को मिल रहा है, सभी एकजुट होकर इस तिरंगा यात्रा को ऐतिहासिक बनाने में कोई कसर नहीं छोडेंगे। इस यात्रा को लेकर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की वार्ड अनुसार डयूटियां लगा दी गई है। सभी नेता और कार्यकर्ता पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ शहीदों को नमन करने के उद्देश्य से निकाली जा रही तिरंगा यात्रा को सफल बनाने में कोई कसर नहीं छोडेंगे।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ किया गया ‘हर घर तिरंगा अभियान’ आज पूरे देश में एक जन-आंदोलन का स्वरूप ग्रहण कर चुका है। पहले राष्ट्रीय ध्वज केवल सरकारी भवनों तक सीमित था, लेकिन अब प्रत्येक नागरिक अपने घर पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति अपनी आस्था और सम्मान व्यक्त कर रहा है। इस वर्ष इस अभियान को राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की रचना के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में समर्पित किया गया है। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान करोड़ों भारतीयों में राष्ट्रभक्ति, त्याग और बलिदान की भावना का संचार किया तथा आज भी यह नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास से जोडऩे की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि युवाओं एवं विद्यार्थियों की भागीदारी इस अभियान की सबसे बड़ी शक्ति होगी। विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज तथा वंदे मातरम् के इतिहास पर आधारित प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इसके साथ-साथ निबंध लेखन, चित्रकला, भाषण, प्रश्नोत्तरी, देशभक्ति गीत प्रतियोगिताएं तथा स्थानीय स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवा पीढ़ी देश के स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रीय मूल्यों से जुड़ सके।
उन्होंने कहा कि जिला में तिरंगा यात्राएं, बाइक रैलियां, साइकिल रैलियां तथा ई-बाइक रैलियां आयोजित की जाएंगी। इन रैलियों के मार्ग स्थानीय शहीद स्मारकों, स्वतंत्रता सेनानी स्मारकों तथा ऐतिहासिक स्थलों से होकर निर्धारित किए जाएंगे, जिससे नागरिकों को अपने स्थानीय इतिहास और वीर सपूतों के योगदान को जानने का अवसर मिलेगा। इस अभियान के दौरान रेलवे स्टेशनों, सार्वजनिक पार्कों, पुस्तकालयों, सभागारों, स्कूलों तथा कॉलेजों सहित प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर विशेष प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक तिरंगे को पूर्ण सम्मान एवं ध्वज संहिता के अनुरूप फहराए। फटा अथवा गंदा ध्वज उपयोग में न लाएं तथा अभियान समाप्त होने के बाद राष्ट्रीय ध्वज को सम्मानपूर्वक सुरक्षित रखें। उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को जिला स्तरीय ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ मनाया जाएगा। इस विभाजन की त्रासदी झेलने वाले परिवारों को कार्यक्रमों में आमंत्रित किया जाएगा तथा प्रदर्शनी, संवाद एवं कैंडल लाइट मौन यात्रा के माध्यम से उन लाखों लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी जिन्होंने विभाजन के दौरान अपने प्राण गंवाए अथवा विस्थापन का दर्द सहा। इस मौके पर मुख्यमंत्री के कार्यालय प्रभारी कैलाश सैनी, भाजपा के जिला अध्यक्ष रमेश सैनी, भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष साहिल सुधा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
