कुंजपुरा (करनाल), 8 अगस्त। सैनिक स्कूल कुंजपुरा में आयोजित इंटर-हाउस फुटबॉल टूर्नामेंट (2026-27) का आज समापन हुआ। प्रतियोगिता में कैडेट्स ने उत्कृष्ट खेल प्रतिभा, टीम भावना, अनुशासन एवं खेल भावना का प्रदर्शन किया। टूर्नामेंट में जूनियर बॉयज, सीनियर बॉयज तथा गर्ल्स वर्ग में विभिन्न सदनों के बीच रोमांचक मुकाबले हुए।

सीनियर वर्ग में कुरुक्षेत्र हाउस रहा विजेता

प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में कुरुक्षेत्र हाउस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप ट्रॉफी पर कब्जा किया, जबकि चिलियनवाला हाउस उपविजेता रहा। जूनियर वर्ग में चिलियनवाला हाउस ने विजेता का खिताब अपने नाम किया और थानेश्वर हाउस उपविजेता रहा। गर्ल्स वर्ग में शकरगढ़ हाउस ने चैंपियनशिप जीती, जबकि छम्ब हाउस की टीम उपविजेता रही।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स हुए सम्मानित
समापन समारोह के दौरान विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को व्यक्तिगत पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। जूनियर वर्ग में कैडेट नमन को ‘बेस्ट प्लेयर’ तथा कैडेट अक्ष कादियान को ‘बेस्ट गोलकीपर’ चुना गया। सीनियर वर्ग में कैडेट देव को ‘बेस्ट प्लेयर’ और कैडेट अनुराग को ‘बेस्ट गोलकीपर’ का पुरस्कार मिला। गर्ल्स वर्ग में कैडेट लावण्या को ‘बेस्ट प्लेयर’ तथा गर्ल्स (जूनियर) वर्ग में कैडेट अवनि को ‘बेस्ट गोलकीपर’ के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

खेलों से शारीरिक दक्षता के साथ मानसिक मजबूती भी होती है : प्रधानाचार्य
समापन समारोह की अध्यक्षता सैनिक स्कूल कुंजपुरा के प्रधानाचार्य कैप्टन (भारतीय नौसेना) गुरबीर सिंह ने की। उन्होंने सभी प्रतिभागी कैडेट्स और विजेता टीमों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेलों में हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना, आनंद और उत्साह के साथ प्रतियोगिता में भाग लेना है। उन्होंने कहा कि सैनिक स्कूल में कैडेट्स की शारीरिक दक्षता के साथ-साथ मानसिक मजबूती पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है।

प्रधानाचार्य ने कैडेट्स का आह्वान किया कि वे भविष्य में भी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में पूरे उत्साह के साथ भाग लें तथा खेलों के माध्यम से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास को मजबूत करें।

इस अवसर पर उप-प्रधानाचार्या लेफ्टिनेंट कर्नल शैलजा डोगरा सहित शिक्षण एवं प्रशासनिक स्टाफ के सदस्य उपस्थित रहे। उन्होंने कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया। टूर्नामेंट का आयोजन डॉ. सुरेन्द्र सिंह सांगवान के नेतृत्व में किया गया। समापन अवसर पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व मेडल तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को व्यक्तिगत पुरस्कार प्रदान किए गए।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *