कुरुक्षेत्र, 8 अगस्त। महानिदेशक आयुष हरियाणा के दिशा निर्देश में एवं जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा के मार्गदर्शन में जिला कुरुक्षेत्र में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर औषधीय पौधों का वितरण एवं रोपण किया गया। इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जनमानस को औषधीय पौधों के महत्व के प्रति जागरूक करना है। पौधा रोपण के साथ-साथ आयुष विभाग द्वारा जिले के विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य शिविरों एवं जागरूकता कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।
पीएचसी अमीन में डॉ. मोनिका गुप्ता के नेतृत्व में औषधीय पौधों का वितरण एवं रोपण किया गया। इस अवसर पर सोनम एवं नरेंद्र योग सहायक उपस्थित रहे। इसी क्रम में आम मूर्तजापुर में डॉ. महिपाल सिंह, की देखरेख में पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम में पंकज शर्मा, आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट,  शिव कुमार योग सहायक, अनुराग रविश योग इंस्ट्रक्टर एवं रामफल, पार्ट टाइम स्टाफ ने सहयोग दिया। इसी के साथ डॉ अमृत द्वारा पीएचसी इस्माईलाबाद में, डॉ संतोष द्वारा आम कलाल माजरा में, डॉ मीनाक्षी द्वारा आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी मथाना में,डॉ महेंद्र द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाडवा में भी पौधारोपण किया गया।
वहीं स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एलएनजेपी अस्पताल, कुरुक्षेत्र के आयुष विंग में डॉ. आरुषि द्वारा वृद्धावस्था जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में वृद्धावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तनों, संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या, पर्याप्त नींद, मानसिक स्वास्थ्य तथा सक्रिय जीवनशैली के महत्व पर चर्चा की गई। जोड़ों में दर्द, कमजोरी, नींद की समस्या, तनाव एवं संतुलन संबंधी कठिनाइयों से बचाव के उपाय भी बताए गए। शिविर में आए मरीजों को सूक्ष्म व्यायाम एवं प्राणायाम का अभ्यास करवाया गया। आयुष विंग का स्टाफ इस दौरान उपस्थित रहा। इसके साथ ही श्री दुख भंजन महादेव मंदिर, कुरुक्षेत्र में भी आयुष विभाग द्वारा कावडिय़ों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य कैम्प लगाया गया। कैम्प में डॉ. सोनाक्षी धीमान, सिम्मी, आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट एवं  निशी, योग सहायक ने अपनी सेवाएं दीं।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं है, बल्कि यह औषधीय पौधों के माध्यम से जनस्वास्थ्य को सुदृढ़ करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल है। तुलसी, नीम, अश्वगंधा जैसे पौधे हमारे दैनिक जीवन में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में सहायक हैं। साथ ही आमजनो से अपील कि वे अपने घरों एवं आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाएं और स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं। आयुष विभाग भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित करता रहेगा।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *