कुरुक्षेत्र 7 अगस्त उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि जिला 9 से 17 अगस्त तक राष्ट्र की आन, बान और शान तिरंगे के रंग में रंगा नजर आएगा। हर घर तिरंगा एवं वंदे मातरम् अभियान के तहत जिलेभर में देशभक्ति से ओतप्रोत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साइकिल, बाइक और ई-बाइक तिरंगा यात्राओं के साथ तिरंगा यात्राएं, तिरंगा कॉन्सर्ट, देशभक्ति संगीत कार्यक्रम, तिरंगा एवं वंदे मातरम् प्रदर्शनी, तिरंगा और वंदे मातरम रंगोली प्रतियोगिता तथा सेल्फी विद तिरंगा अभियान लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 10 अगस्त को शहर तिरंगा यात्रा की शुरुआत करेंगे।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा शुक्रवार को लघु सचिवालय के एनआईसी मीटिंग हॉल में हर घर तिरंगा अभियान को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे थे। उन्होंने विभागवार तैयारियों एवं अब तक की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसी दौरान हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश में चलाए जाने वाले हर घर तिरंगा अभियान की समीक्षा की और सभी जिला उपायुक्तों को अभियान में व्यापक जन भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रमों का आपसी समन्वय के साथ प्रभावी एवं व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित किया जाए तथा सरकारी कार्यालयों, पंचायत भवनों, विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन हो।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे अभियान को राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ आगे बढ़ाएं और स्वयं भागीदारी करने के साथ-साथ आमजन को भी इससे जोड़ें। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे 9 अगस्त से अपने घरों, कार्यालयों, प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएं तथा तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी लेकर निर्धारित वेबसाइट पर अपलोड करें। उन्होंने कहा कि सेल्फी विद तिरंगा अभियान के माध्यम से प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं देशभक्ति की भावना से जोडऩे का प्रयास किया जाएगा। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिले के प्रमुख सरकारी भवनों, सार्वजनिक स्थलों, बाजारों एवं चौराहों को तिरंगी रोशनी से सजाया जाएगा। इससे पूरे जिले में स्वतंत्रता दिवस और राष्ट्रभक्ति का उत्सवी माहौल नजर आएगा। इसके लिए उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों और शहरी स्थानीय निकायों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि तिरंगा एवं वंदे मातरम् विषय पर विशेष प्रदर्शनियां भी आयोजित की जाएंगी। इनमें स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास और देश की गौरवशाली विरासत से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदर्शित की जाएंगी। इसके साथ ही वंदे मातरम थीम पर देश भक्ति संगीत कार्यक्रम और तिरंगा कॉन्सर्ट भी आयोजित होंगे। उन्होंने कहा कि अभियान में एनसीसी, एनएसएस, माय भारत, युवा क्लब, स्वयंसेवी संस्थाएं, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, स्वयं सहायता समूह, खेल संगठन, सामाजिक संस्थाएं और आम नागरिक सक्रिय रूप से भाग लेंगे। सभी स्कूल और कॉलेजों में भी भागीदारी बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि 14 अगस्त को जिला स्तरीय विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जाएगा। इस विभाजन की त्रासदी झेलने वाले परिवारों को कार्यक्रमों में आमंत्रित किया जाएगा तथा प्रदर्शनी, संवाद एवं कैंडल लाइट मौन यात्रा के माध्यम से उन लाखों लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी, जिन्होंने विभाजन के दौरान अपने प्राण गंवाए अथवा विस्थापन का दर्द सहा।
उन्होंने कहा कि भारत पाकिस्तान बंटवारे के समय जो लोग शहीद हो गए थे, उन लोगों की कुर्बानियों को याद करने के लिए विभाजन विभीषिका कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शनी और विभिन्न स्कूलों में प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही पीड़ित परिवारों के लोगों को आमंत्रित किया जाएगा और बंटवारे के विषय में उनकी भावनाओं को सुना जाएगा। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त विवेक आर्य, सीईओ जिला परिषद वीरेंद्र चौधरी, जिला शिक्षा अधिकारी विनोद कौशिक, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी डा. नरेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *