करनाल। महापौर रेणु बाला गुप्ता ने वीरवार को नगर निगम कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान उन्होंने कई मामलों का मौके पर ही समाधान करवाते हुए शेष समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर नागरिकों से आत्मीय संवाद करते हुए महापौर ने उनकी बातों को प्राथमिकता से सुना और भरोसा दिलाया कि नगर निगम जनसेवा के संकल्प के साथ कार्य कर रहा है।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल प्रशासनिक कार्यों का निर्वहन करना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की समस्या को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए उसका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता, बेहतर सड़कें, जल निकासी व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, सफाई व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए निगम लगातार योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास, सहयोग और सुझाव ही करनाल के समग्र विकास की सबसे बड़ी ताकत हैं। यदि किसी भी क्षेत्र में कोई समस्या है तो नागरिक बेझिझक नगर निगम तक अपनी बात पहुंचाएं, ताकि समस्याओं का शीघ्र समाधान कर शहर को और अधिक स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित एवं सुविधायुक्त बनाया जा सके।
महापौर ने कहा कि नगर निगम प्रशासन जनभागीदारी को विकास की सबसे मजबूत कड़ी मानता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशासन और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों से करनाल विकास, स्वच्छता और आधुनिक सुविधाओं के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा।
