कुरुक्षेत्र, 4 अगस्त। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि ‘सेल्फी विद तिरंगा’ डिजिटल अभियान के माध्यम से नागरिकों को हर घर तिरंगा पोर्टल से जोड़ा जाएगा। इस जिले के हर व्यक्ति को अपनी सेल्फी पोर्टल पर अपलोड कर राष्ट्रप्रेम का संदेश देने की प्रशासन द्वारा अपील की है। अहम पहलू यह  है कि 9 अगस्त से 17 अगस्त तक पूरे हरियाणा में गांव-गांव, शहर-शहर, वार्ड-वार्ड और घर-घर तक ‘हर घर तिरंगा अभियान’ पहुंचाया जाएगा।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने आज यहां बातचीत करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस-2026 के उपलक्ष्य में प्रदेश सरकार इस वर्ष ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को पहले से अधिक व्यापक, प्रभावी एवं जनभागीदारी आधारित स्वरूप में आयोजित किया जाएगा।  इतना ही नहीं यह अभियान केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता तथा स्वतंत्रता संग्राम के महान बलिदानों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए आमजन की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि  वर्ष 2022 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ किया गया ‘हर घर तिरंगा अभियान’ आज पूरे देश में एक जन-आंदोलन का स्वरूप ग्रहण कर चुका है। पहले राष्ट्रीय ध्वज केवल सरकारी भवनों तक सीमित था, लेकिन अब प्रत्येक नागरिक अपने घर पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति अपनी आस्था और सम्मान व्यक्त कर रहा है। इस वर्ष इस अभियान को राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की रचना के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में समर्पित किया गया है। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान करोड़ों भारतीयों में राष्ट्रभक्ति, त्याग और बलिदान की भावना का संचार किया तथा आज भी यह नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास से जोडऩे की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि इस हर घर तिरंगा अभियान में सभी सरकारी विभागों, शिक्षण संस्थानों, विश्वविद्यालयों, उद्योगों, स्वयंसेवी संगठनों, युवा क्लबों, खेल संगठनों तथा सामाजिक संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने जिलावासियों से आह्वान किया कि किसान अपने खेतों एवं घरों पर, व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों पर, कर्मचारी अपने कार्यालयों में तथा प्रत्येक परिवार अपने घर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर इस अभियान को सफल बनाएं।
उन्होंने कहा कि युवाओं एवं विद्यार्थियों की भागीदारी इस अभियान की सबसे बड़ी शक्ति होगी। विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज तथा वंदे मातरम् के इतिहास पर आधारित प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इसके साथ-साथ निबंध लेखन, चित्रकला, भाषण, प्रश्नोत्तरी, देशभक्ति गीत प्रतियोगिताएं तथा स्थानीय स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवा पीढ़ी देश के स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रीय मूल्यों से जुड़ सके।
उन्होंने कहा कि जिला में तिरंगा यात्राएं, बाइक रैलियां, साइकिल रैलियां तथा ई-बाइक रैलियां आयोजित की जाएंगी। इन रैलियों के मार्ग स्थानीय शहीद स्मारकों, स्वतंत्रता सेनानी स्मारकों तथा ऐतिहासिक स्थलों से होकर निर्धारित किए जाएंगे, जिससे नागरिकों को अपने स्थानीय इतिहास और वीर सपूतों के योगदान को जानने का अवसर मिलेगा।  इस अभियान के दौरान रेलवे स्टेशनों, सार्वजनिक पार्कों, पुस्तकालयों, सभागारों, स्कूलों तथा कॉलेजों सहित प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर विशेष प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक तिरंगे को पूर्ण सम्मान एवं ध्वज संहिता के अनुरूप फहराए। फटा अथवा गंदा ध्वज उपयोग में न लाएं तथा अभियान समाप्त होने के बाद राष्ट्रीय ध्वज को सम्मानपूर्वक सुरक्षित रखें। उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को जिला स्तरीय ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ मनाया जाएगा।  इस  विभाजन की त्रासदी झेलने वाले परिवारों को कार्यक्रमों में आमंत्रित किया जाएगा तथा प्रदर्शनी, संवाद एवं कैंडल लाइट मौन यात्रा के माध्यम से उन लाखों लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी जिन्होंने विभाजन के दौरान अपने प्राण गंवाए अथवा विस्थापन का दर्द सहा।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *