कुरुक्षेत्र, 3 अगस्त। जनकल्याण मंच कुरुक्षेत्र (रजिस्टर्ड), हरियाणा द्वारा ‘मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत बिरला मंदिर परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया गया।
मंच के प्रधान दलबीर मलिक ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सावन का मौसम पौधारोपण के लिए सबसे उपयुक्त माना जाता है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को इस अवसर का लाभ उठाते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ तथा अन्य विशेष अवसरों को यादगार बनाने के लिए पौधारोपण अवश्य करें और प्रकृति संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। कार्यक्रम के दौरान बिरला मंदिर परिसर में विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए गए तथा उनके संरक्षण का संकल्प भी लिया गया। इस अवसर पर मंच के प्रधान दलबीर मलिक, सरदार बलदेव सिंह सैनी, के.सी. वर्मा, धर्म सिंह जोगनाखेड़ा, शिव किरमच,संजय शर्मा, स्वतंत्र शर्मा, कुलदीप सैनी, तरुण वधवा सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
