करनाल, 30 जुलाई। मंडल रोजगार अधिकारी ने बताया कि 4 अगस्त को प्रात: 10.00 से दोपहर 02.00 बजे तक डीएवी स्नातकोत्तर महाविद्यालय के परिसर में महा रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस रोजगार मेले में लगभग 50 प्रतिष्ठित कंपनियां, जिनमें बेरी उद्योग करनाल व बेगमपुर, मॉडर्न डेयरी, करनाल मोटर्स प्रा. लिमिटेड, उजाला सिग्नस हेल्थ केयर, ईरोज अस्पताल, अमृतधारा माई अस्पताल, शाह अस्पताल, अर्पणा अस्पताल, सेंचुरी प्लाईबोर्ड्स लिमिटेड, सुविधा स्टोर, जी लैबोरेटरीज, राहुल ऑटोमोटिव, ओसवाल पंप्स, रग्स क्रिएशन, एब्रो इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, हिंदुस्तान पम्प्स एंड इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड, संजीव बंसल सिंग्रस अस्पताल, चमन लाल सेतिया एक्सपोर्ट्स लिमिटेड, गुडरिच फूड इंडिया लिमिटेड, ओसवाल सोलर एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड, मेट्रो मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड, वाल्सो सोलर सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड, पीपी ऑटोमोबाइल प्राइवेट लिमिटेड, दुनार फूड लिमिटेड, जीवन चानन महिला महाविद्यालय असंध आदि भाग लेंगी। कंपनियों द्वारा योग्य अभ्यर्थियों का चयन उनकी शैक्षणिक योग्यता एवं साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा। इस महा रोजगार मेले का उद्देश्य बेरोजगार युवक-युवतियों को विभिन्न प्रतिष्ठित निजी कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में 10वीं, 10+2, आईटीआई, डिप्लोमा मेडिकल एएनएम/जीएनएम, लैब तकनीशियन एवं अन्य, स्नातक एवं स्नातकोत्तर योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी बायोडाटा की पांच प्रतियां, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड व परिवार पहचान पत्र अवश्य साथ लेकर आएं, ताकि चयन प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो। ऐसे अभ्यर्थी जो कि रोजगार विभाग, हरियाणा की वेबसाइट www.hrex.gov.in पर पंजीकृत हैं, अपना रोजगार पंजीकरण कार्ड साथ लेकर आयें।
मंडल अधिकारी ने इच्छुक अभ्यर्थियों से अनुरोध किया कि वे इस मेगा जॉब फेयर में भाग लेने के लिए जारी किए गए क्यू आर कोड को स्कैन कर अपना पंजीकरण अवश्य करें। पंजीकरण के उपरांत निर्धारित तिथि को अपने बायोडाटा , शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की मूल एवं छायाप्रतियों तथा पासपोर्ट आकार के फोटो के साथ रोजगार मेले में उपस्थित होकर विभिन्न कंपनियों के साक्षात्कार में भाग लें। जिला करनाल के सभी पात्र एवं इच्छुक युवक-युवतियां इस मेगा जॉब फेयर में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर रोजगार के उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाएं। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी मंडल रोजगार कार्यालय, करनाल से संपर्क कर सकते हैं।
