करनाल, 28 जुलाई। राजकीय महिला महाविद्यालय, बसताड़ा की प्राचार्या कमलेश रानी एवं कार्यवाहक प्राचार्या दीपा ढुल के दिशा-निर्देशन में चल रहे चार दिवसीय वृक्षारोपण अभियान के दूसरे दिन मंगलवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की कार्यक्रम अधिकारी डॉ मीतू चावला, इको क्लब तथा वृक्षारोपण समिति की संयोजिका रेणु कुमारी के कुशल नेतृत्व में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की एनएसएस स्वयंसेविकाओं एवं अध्यापकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मीतू चावला ने विद्यार्थियों को लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने तथा उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक माना जाएगा, जब लगाए गए पौधों का संरक्षण भी पूरी जिम्मेदारी के साथ किया जाए। वृक्षारोपण समिति की संयोजिका रेणु कुमारी ने विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया। कार्यवाहक प्राचार्या दीपा ढुल ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने तथा आने वाली पीढिय़ों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं हरित वातावरण प्रदान करने का प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने बताया कि आज आयोजित पौधारोपण अभियान के दौरान महाविद्यालय के अध्यापकों एवं विद्यार्थियों द्वारा लगभग 70 पौधे लगाए गए। महाविद्यालय परिवार ने संकल्प लिया कि लगाए गए सभी पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें विकसित किया जाएगा, ताकि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सार्थक योगदान दे सके। इस अवसर पर ममता रानी, डॉ हितेंद्र, डॉ विक्रम सिंह, संदीप कुमार, पूजा रानी, अनुराधा, संजय कुमार और कुमारी शिवानी बिष्ट विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय के कर्मचारी रोहित कुमार, माली आशीष, आशीष कुमार और सनी का भी विशेष योगदान रहा।
