कुरुक्षेत्र, 28 जुलाई। कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग, हरियाणा, नृत्यधारा कल्चरल सोसायटी तथा युवा एवं सांस्कृतिक विभाग एवं संगीत एवं नृत्य विभाग, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में 29 एवं 30 जुलाई को दो दिवसीय शास्त्रीय नृत्य महोत्सव का आयोजन प्रातः 11.00 से 1.00 बजे, विश्वविद्यालय वरिष्ठ माध्यमिक आदर्श विद्यालय के विवेकानंद सभागार में आयोजित किया जा रहा है।
संगीत विभाग के अध्यक्ष डॉ. अशोक शर्मा ने बताया कि यह महोत्सव प्रख्यात कथक आचार्य स्वर्गीय पंडित कुंदन लाल गंगानी की 100वीं जयंती को समर्पित है। इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से प्रतिष्ठित शास्त्रीय नृत्य कलाकार अपनी उत्कृष्ट एवं मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय शास्त्रीय नृत्य की समृद्ध परंपरा का प्रदर्शन करेंगे।
महोत्सव में प्रमुख रूप से श्रीमती वाणी माधव एवं उनका समूह (ओडिसी, गुरुग्राम), विदुषी दीप्ति गुप्ता (कथक, दिल्ली), के. एस. निश्रेया वरलक्ष्मी (भरतनाट्यम, चेन्नई) तथा डॉ. मानसी सक्सेना (कथक, पंजाब) अपनी आकर्षक प्रस्तुतियाँ देंगी।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. ममता सचदेवा तथा प्रो. शुचिस्मिता अपनी गरिमामयी उपस्थिति से समारोह की शोभा बढ़ाएँगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रो. आशा पांडे, डॉ. जगमोहन शर्मा एवं प्रो. सुनीता दलाल उपस्थित रहेंगी। इस दो दिवसीय महोत्सव के सफल आयोजन हेतु संगीत एवं नृत्य विभाग कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र के विभागाध्यक्ष डॉ. अशोक शर्मा एवं डॉ. पुरुषोत्तम कुमार संगीत एवं नृत्य विभाग, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने अपना अमूल्य सहयोग एवं महत्वपूर्ण योगदान प्रदान किया। डॉ. अशोक शर्मा ने बताया कि यह महोत्सव भारतीय शास्त्रीय नृत्य की विविध विधाओं के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन कला एवं संस्कृति के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है तथा कला प्रेमियों के लिए भारतीय सांस्कृतिक विरासत का रसास्वादन करने का एक विशेष अवसर सिद्ध होगा।
