कुरुक्षेत्र, 28 जुलाई। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में इंस्टीट्यूट ऑफ इंटीग्रेटेड एंड ऑनर्स स्टडीज़ (आईआईएचएस) में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अंतर्गत संचालित बी.एससी. कंप्यूटर साइंस (ऑनर्स विद रिसर्च) के प्रथम बैच के 11 विद्यार्थियों की शोध प्रबंध (डिसर्टेशन) की मौखिक परीक्षा सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई।
मौखिक परीक्षा में प्रो. चन्द्र कांत ने बाह्य परीक्षक के रूप में विद्यार्थियों के शोध कार्य का मूल्यांकन किया तथा उनके शोध एवं नवाचार आधारित कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि शोध आधारित शिक्षा विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, अनुसंधान क्षमता एवं तकनीकी दक्षता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
प्रथम बैच के 11 विद्यार्थियों में से 6 विद्यार्थियों ने प्रो. अश्वनी कुश तथा 5 विद्यार्थियों ने डॉ. संजीव ग्रेवाल के निर्देशन में अपने शोध प्रबंध पूर्ण किए। इस अवसर पर प्राचार्या प्रो. रीटा, कंप्यूटर साइंस विभागाध्यक्ष डॉ. प्रदीप मलिक, कर्मजीत सिंह, ईशा, शीतल एवं रेनू सहित विभाग के शिक्षक उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए इसे राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के सफल क्रियान्वयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
