कुरुक्षेत्र, 28 जुलाई। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने मंगलवार को यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (यूआईईटी) में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर इलेक्ट्रिक व्हीकल का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन तकनीक भारत के सतत विकास, स्वच्छ ऊर्जा मिशन तथा आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह सेंटर विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं शिक्षकों के लिए नवाचार, अनुसंधान और उद्योग-अकादमिक सहयोग का उत्कृष्ट मंच सिद्ध होगा।
कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि वर्तमान समय में विश्व तेजी से हरित ऊर्जा एवं स्वच्छ परिवहन की ओर अग्रसर है। ऐसे में विश्वविद्यालयों की जिम्मेदारी केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकों के अनुरूप तैयार करना भी है। उन्होंने कहा कि यह सेंटर युवाओं को इलेक्ट्रिक व्हीकल तकनीक के क्षेत्र में व्यावहारिक ज्ञान, अनुसंधान क्षमता तथा नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करेगा। इससे उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष मानव संसाधन तैयार होंगे तथा रोजगार एवं स्टार्टअप की नई संभावनाएं भी विकसित होंगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए यूआईईटी के निदेशक प्रो. सुनील ढींगरा ने कुलगुरु एवं सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर इलेक्ट्रिक व्हीकल की स्थापना यूआईईटी के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। इस केंद्र के माध्यम से विद्यार्थियों को बैटरी प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रिक ड्राइव सिस्टम, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, ऊर्जा प्रबंधन तथा स्मार्ट मोबिलिटी जैसे उभरते क्षेत्रों में अत्याधुनिक प्रशिक्षण एवं अनुसंधान के अवसर उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि यह केंद्र विद्यार्थियों को उद्योगों की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकसित करने में भी सहायक सिद्ध होगा।
सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर इलेक्ट्रिक व्हीकल के प्रधान अन्वेषक डॉ. पवन कुमार दीवान ने केंद्र की स्थापना की पृष्ठभूमि एवं भावी कार्य योजना पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर इलेक्ट्रिक व्हीकल में विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों के प्रशिक्षण हेतु अत्याधुनिक प्रयोगात्मक सुविधाएं स्थापित की गई हैं। केंद्र में टू-व्हीलर एवं फोर-व्हीलर इलेक्ट्रिक वाहनों के पूर्ण सेटअप प्रदर्शित किए गए हैं। इनके साथ-साथ वाहनों के कट-सेक्शन भी प्रदर्शित हैं, जिनके माध्यम से मोटर, कंट्रोलर, बैटरी पैक तथा अन्य आंतरिक पुर्जों की संरचना एवं कार्यप्रणाली का विस्तृत अध्ययन किया जा सकता है।
केंद्र में ईवी चार्जिंग स्टेशन की व्यवस्था भी उपलब्ध है, जहां विद्यार्थी इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग तकनीक का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम का सेटअप स्थापित किया गया है, जिसके माध्यम से बैटरियों की कार्यप्रणाली, वोल्टेज प्रबंधन, सेल बैलेंसिंग तथा ऊर्जा प्रबंधन जैसी महत्वपूर्ण अवधारणाओं का अध्ययन किया जा सकता है। इसके अलावा केंद्र में एक इंटरैक्टिव डेमोंस्ट्रेशन एवं कंट्रोल सेटअप भी विकसित किया गया है, जिसके माध्यम से विभिन्न पैरामीटरों एवं वाहन के कार्यों को मैनुअली, टच स्क्रीन तथा वॉइस कमांड के जरिए नियंत्रित एवं संचालित किया जा सकता है। यह सुविधा विद्यार्थियों को स्मार्ट इलेक्ट्रिक वाहन नियंत्रण प्रणालियों का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करेगी।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *