कुरुक्षेत्र , 27 जुलाई । जन कल्याण मंच कुरुक्षेत्र (रजि०) हरियाणा द्वारा सेक्टर-4 स्थित भाजपा के बूथ नंबर 145 पर पॉलिथीन मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत कपड़े के थैलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को पॉलिथीन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए कपड़े के थैलों के उपयोग को बढ़ावा देना था।
इस अवसर पर भाजपा बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक डॉ. ऋषिपाल मथाना मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने जन कल्याण मंच कुरुक्षेत्र (रजि०) हरियाणा द्वारा समाज हित एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए चलाए जा रहे जनजागरण अभियानों की सराहना करते हुए कहा कि मंच लगातार जनसेवा के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि पॉलिथीन का बढ़ता उपयोग पर्यावरण, पशु-पक्षियों तथा मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। ऐसे में कपड़े के थैलों का वितरण एक सराहनीय एवं अनुकरणीय पहल है, जिससे समाज में सकारात्मक जागरूकता पैदा होगी। जन कल्याण मंच के अध्यक्ष दलबीर मलिक ने कहा कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह पॉलिथीन का प्रयोग बंद कर पर्यावरण के अनुकूल विकल्प अपनाए। यदि समाज मिलकर इस दिशा में प्रयास करेगा तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सकेगा।इस अवसर पर मंच के महासचिव बलदेव सिंह सैनी ,उपाध्यक्ष रामपाल सरोहा, कोषाध्यक्ष धर्म सिंह जोगना खेड़ा, प्रवक्ता गुलशन ग्रोवर, सचिव कुलदीप सैनी, ऑडिटर के. सी .वर्मा,शिव किरमच,रामपाल डाबर, संजय शर्मा ने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे दैनिक जीवन में कपड़े के थैलों का ही उपयोग करें तथा दूसरों को भी पॉलिथीन छोड़ने के लिए प्रेरित करें। मंच ने भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और जनकल्याण से जुड़े ऐसे जागरूकता अभियान निरंतर चलाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं, गणमान्य नागरिकों एवं स्थानीय लोगों ने भाग लिया और पॉलिथीन मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया।
