कुरुक्षेत्र पुलिस ने घर से चोरी की वारदात को सुलझाते हुए घर से गहने चोरी करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक श्री चंद्र मोहन के कुशल मार्गदर्शन में अपराध अन्वेषण शाखा-2 की टीम ने घर से गहने चोरी करने के आरोपी लविश वासी डेहा कॉलोनी अम्बाला जिला अम्बाला को माननीय अदालत से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर मामले में गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि दीपक वासी बिशनगढ़ कॉलोनी थानेसर ने बताया कि दिनांक 9 मई 2026 को वह अपने काम पर गया हुआ था। समय करीब 1 बजे उसकी माता जी गोगामाडी बिशनगढ़ में दर्शन करने गई थी। करीब 45 मिनट बाद जब उसकी माता जी घर आई तो मकान का लोबी का जाली वाला दरवाजा अंदर से बंद किया हुआ था। उसकी माता के फोन पर सूचना मिलने पर वह घर पहुंचा और गैलरी से मकान के अंदर जाकर दरवाजे की कुंडी खोली। अन्दर जाकर देखा तो लॉबी के मेन दरवाजे का लॉक टूटा हुआ था तथा बेडरूम की अलमारी के लॉक टूटे हुए थे तथा स्टोर में रखी पेटी के कुंडे टूटे हुए थे। चैक करने पर पता चला कि किसी नामपता नामालूम व्यक्ति ने उनके घर में घुसकर सोने के गहने चोरी कर लिए हैं। जिसकी शिकायत पर थाना कृष्णा गेट में मामला दर्ज करके जांच अपराध अन्वेषण शाखा-2 को सौंपी गई।
दिनांक 24 जुलाई 26 को अपराध अन्वेषण शाखा-2 प्रभारी निरीक्षक मंदीप सिंह के मार्गनिर्देश में उप निरीक्षक प्रेम चंद, सहायक उप निरीक्षक सुरेन्द्र कुमार, मुख्य सिपाही गुरमेज, विजय व सिपाही रवि की टीम ने घर से चोरी करने के आरोपी लविश वासी डेहा कॉलोनी अम्बाला जिला अम्बाला को माननीय अदालत से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर मामले में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को माननीय अदालत में पेश किया गया।
