कुरुक्षेत्र, 24 जुलाई। राजकीय माध्यमिक पाठशाला खिजरपुरा की अंडर-14 बालिका कबड्डी टीम ने ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। फाइनल मुकाबले में खिजरपुरा की टीम ने राजकीय माध्यमिक विद्यालय, रामगढ़ की टीम को एकतरफा मुकाबले में 31-2 के बड़े अंतर से पटखनी देते हुए ब्लॉक स्तर पर चैंपियन का खिताब जीता। शानदार जीत के साथ टीम ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर लिया है।
ब्लॉक स्तर पर चैंपियन बनने पर गांव के सरपंच अनिल कुमार ने बेटियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए खेल संसाधन मुहैया करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि गांव की बेटियों ने ब्लॉक स्तरीय चैंपियनशिप पर कब्जा जमा कर गांव का नाम रोशन किया है, जल्द ही ग्राम पंचायत की ओर से विशेष सम्मान समारोह में सम्मानित किया जाएगा। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय, अभिभावकों और पूरे गांव में खुशी का माहौल है।
टीम के मुख्य कोच संदीप सिंह माचल तथा पीटीआई सुशील कुमार ने बताया कि अंडर-14 में खिजरपुरा की टीम ने बेहतरीन खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया। फाइनल मुकाबले में खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रतिद्वंद्वी टीम को कोई मौका नहीं दिया। उन्होंने कहा कि कठिन मेहनत, नियमित अभ्यास और अनुशासन का ही यह परिणाम है तथा अब खिलाड़ियों को जिला स्तर पर भी इसी उत्साह और आत्मविश्वास के साथ खेलना होगा।
विद्यालय के मुख्याध्यापक कश्मीर चंद्र ने कहा कि बेटियों ने विद्यालय का नाम पूरे ब्लॉक में रोशन किया है और उन्हें विश्वास है कि टीम जिला स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेगी। वहीं राजकीय प्राथमिक पाठशाला खिजरपुरा के मुख्य शिक्षक सुरजीत सिंह ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ने, निरंतर मेहनत करने तथा गांव और विद्यालय का नाम प्रदेशभर में रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
