करनाल,  24 जुलाई। घरौंडा के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आज हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके निपटारे के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने विकास संबंधी कुछ नई मांगें भी श्री कल्याण के सम्मुख रखी जिस पर उन्होंने उचित कार्यवाही का भरोसा दिया।
इलाके के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में लोग आज सुबह ही अपनी मांगों/समस्याओं को लेकर रेस्ट हाउस पहुंच गए थे। श्री कल्याण ने साढ़े दस से अढ़ाई बजे तक एक-एक कर हर व्यक्ति की समस्या को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को उसके समाधान के निर्देश दिए। कुछ सामूहिक मांगें भी रखी गईं। घरौंडा में पाल समाज के लोगों ने अहिल्याबाई होल्कर हॉल के लिए ग्रांट की मांग की। देवीपुर के लोगों ने आंगनवाड़ी केंद्र का नया भवन बनवाने का अनुरोध किया।
इसी प्रकार गांव नगला मेघा के लोगों ने स्टेडियम के चारों ओर पौधारोपण की मांग की। कैमला के लोगों के गांव के श्मशान घाट की चारदीवारी बनाने और घरौंडा-कैमला सडक़ पर बिजली की तारों को हटवाकर केबल लगवान और अलीपुर खालसा के लोगों ने सरकारी स्कूल में नए कमरे बनवाने की मांग की।
इस मौके पर श्री कल्याण ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता से निपटाएं और लंबित कार्यों को तेजी से पूरा करें। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास से संबंधित हर जायज मांग को पूरा किया जाएगा। पूरा क्षेत्र उनके लिए परिवार की तरह है। स्पीकर के रूप में बड़ी जिम्मेदारी के बावजूद वे हलका के लोगों को पूरा समय देने के लिए वचनबद्ध हैं।
इस मौके पर मार्केट कमेटी के चेयरमैन राजकुमार पालीवाल, पूर्व चेयरपर्सन निर्मल बैरागी, एसडीएम राजेश सोनी, विद्युत निगम के एक्सईएन राजीव ढिल्लों, डीडीपीओ कंचनलता, एसडीओ पंचायती राज जय भगवान, तहसीलदार अरविंद यादव, सीडीपीओ संतोष, डीएसपी मनोज कुमार, बीडीपीओ उमेद सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष रोहित भंडारी आदि मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *