करनाल। जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और नागरिकों के साथ सतत संवाद की अपनी कार्यशैली को आगे बढ़ाते हुए महापौर रेणु बाला गुप्ता ने वीरवार को नगर निगम कार्यालय में जनसुनवाई की। उन्होंने इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। महापौर ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया। जबकि शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट एवं प्रभावी दिशा-निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान महापौर ने नागरिकों से संवाद में उनकी समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को विस्तार से जाना। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न हो तथा प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि नगर निगम केवल विकास कार्यों को क्रियान्वित करने वाली संस्था नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की अपेक्षाओं और विश्वास का केंद्र है। हमारी प्राथमिकता है कि हर नागरिक को समय पर राहत मिले और उसकी समस्या का समाधान संवेदनशीलता के साथ किया जाए। शहर में स्वच्छता, बेहतर सड़कें, सुदृढ़ जल निकासी, सुचारु स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, सफाई व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को और अधिक सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास, सुझाव और सहभागिता ही किसी भी शहर के विकास की सबसे बड़ी शक्ति होती है। किसी क्षेत्र में कोई समस्या है तो नागरिक बिना संकोच अपनी बात रखें। नगर निगम प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ प्रत्येक शिकायत पर कार्रवाई करते हुए करनाल को स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित और आधुनिक शहर बनाने के लक्ष्य की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।

करनाल की पहचान होगी सुदृढ़
महापौर ने कहा कि प्रशासन और आमजन के बीच मजबूत संवाद ही सुशासन की पहचान है। नगर निगम की टीम नागरिकों के विश्वास पर खरा उतरने के लिए पूरी जवाबदेही के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनसहयोग और सामूहिक प्रयासों के बल पर करनाल विकास, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करते हुए प्रदेश के अग्रणी शहरों में अपनी अलग पहचान और अधिक सुदृढ़ करेगा।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *