हरियाणा सहित दिल्ली एनसीआर में करीब एक सप्ताह से निष्क्रिय पड़ा मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. जिसके चलते रेवाड़ी समेत प्रदेश के कई जिलों में हल्की व तेज बारिश शुरू हो गई है. रेवाड़ी में सोमवार को पूरे दिन बादल छाए रहे. शाम होते-होते मौसम का मिजाज बदला और बूंदाबांदी व हल्की बारिश शुरू हुई. रात को तेज बारिश होने से उमश भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली. मंगलवार सुबह भी मौसम परिवर्तनशील बना रहा और सुबह हल्की बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया. तापमान गिरने से लोगों को उमस भरी चिपचिपी गर्मी से राहत मिली. हालांकि अभी मानसून ने रफ्तार नहीं पकड़ी है लोगों को अभी मानसून की तेज बारिश का इंतजार है जिससे पूरी तरह गर्मी से राहत मिल सके. बारिश होने से जहां लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है वहीं किसानों को भी मानसून की अच्छी बारिश का इंतजार है। जिले में बाजरा, कपास सहित अन्य फसलों के लिए पर्याप्त बारिश को काफी अहम माना जा रहा है। आपको बता दे की मौसम विभाग ने 20 से 23 जुलाई तक प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज व येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान बादल छाए रहने, तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने के आसार हैं।
