कुरुक्षेत्र। नेल्सन मंडेला अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर नया बस अड्डा प्रांगण, कुरुक्षेत्र में 595वें स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में 42 युवाओं, परिवहन कर्मचारियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया तथा मानव सेवा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। शिविर के मुख्य अतिथि श्री समिन्द्र सिंह, महाप्रबंधक, हरियाणा राज्य परिवहन, कुरुक्षेत्र ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान से बढ़कर कोई मानव सेवा नहीं है। एक यूनिट रक्त किसी गंभीर रोगी, दुर्घटना पीड़ित, प्रसूता अथवा थैलेसीमिया जैसे रोगों से पीड़ित मरीज को नया जीवन प्रदान कर सकता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने का आह्वान किया। शिविर की अध्यक्षता प्रयास फाउंडेशन के प्रधान एवं रोटी बैंक, कुरुक्षेत्र के कोषाध्यक्ष नरेश सैनी ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में रोटी बैंक कुरुक्षेत्र के अंकेक्षक डॉ. एम. एम. सिंह उपस्थित रहे। अतिथियों ने रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया तथा समाजहित में उनके योगदान की सराहना की। शिविर के संयोजक एवं संचालक राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित, राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता, डायमंड रक्तदाता एवं पर्यावरण प्रहरी डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है, इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित अंतराल पर स्वैच्छिक रक्तदान अवश्य करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर रक्तदान, अंगदान एवं जनसेवा के कार्यों से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा रक्तदान के माध्यम से रक्त की सुई लगवाकर लोगों का जीवन बचाएं न कि नशे की सुई से अपना और अपने परिवार के साथ साथ समाज और राष्ट्र का अहित करें। इस अवसर पर हरियाणा परिवहन कर्मचारी संघ, कुरुक्षेत्र का विशेष सहयोग रहा। संघ के अध्यक्ष प्रदीप कुमार, सचिव जय कुमार तथा खजांची मुकेश कुमार ने शिविर की व्यवस्था में सक्रिय भूमिका निभाई तथा रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे आयोजन समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं ने पहली बार रक्तदान किया, जबकि नियमित रक्तदाताओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर अन्य लोगों को प्रेरित किया। पूरे आयोजन के दौरान सेवा, समर्पण और मानवता का वातावरण बना रहा। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, रक्तदाताओं, सहयोगी संस्थाओं एवं स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार जनहित के कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प दोहराया।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *