कुरुक्षेत्र, 18 जुलाई। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग में कार्यरत सहायक प्रोफेसर डॉ. राज रतन का संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) में उप निदेशक (परीक्षा सुधार) के प्रतिष्ठित पद पर चयन हुआ है। इस उपलब्धि पर कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने उनको बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है
इस अवसर पर डॉ. राज रतन ने अपनी सफलता का श्रेय सर्वशक्तिमान ईश्वर, अपने माता-पिता, परिवार के सदस्यों, गुरुजनों, सहकर्मियों, मित्रों तथा उन सभी शुभचिंतकों को दिया जिन्होंने उनके जीवन के प्रत्येक चरण में उनका मार्गदर्शन, सहयोग और उत्साहवर्धन किया। डॉ. राज रतन का सेवाकाल अत्यंत प्रेरणादायक रहा है। उन्होंने शैक्षणिक क्षेत्र में आने से पूर्व भारतीय नौसेना में 15 वर्षों तक सेवा प्रदान की, जहाँ उन्होंने अनुशासन, नेतृत्व एवं प्रशासनिक कार्यों का व्यापक अनुभव प्राप्त किया। इसके पश्चात उन्होंने हरियाणा के उच्च शिक्षा विभाग में भी अपनी सेवाएँ दीं। वर्तमान में वे कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग में सहायक प्रोफेसर के रूप में अध्यापन, शोध तथा विभिन्न प्रशासनिक दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर रहे हैं।
उनकी इस उपलब्धि पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों, सहकर्मियों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
