कुरुक्षेत्र, 17 जुलाई। सांसद नवीन जिन्दल ने शुक्रवार को इलेक्ट्रिक बस में यात्रा कर थानेसर रेलवे स्टेशन और कार्यक्रम स्थल श्रीमद्भगवद्गीता सदन पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने स्वच्छ ईंधन के अधिकाधिक उपयोग का संदेश देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के लिए स्वच्छ ऊर्जा को अपनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
सांसद नवीन जिन्दल ने एलिवेटेड ट्रैक एवं नवनिर्मित थानेसर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह एलिवेटेड ट्रैक कुरुक्षेत्र के विकास में एक ऐतिहासिक कदम है। इससे शहर दो हिस्सों में बंटने की समस्या दूर होगी, वर्षों से लोगों को परेशानी का कारण बने पांच रेलवे फाटक समाप्त होंगे और यातायात अधिक सुगम, सुरक्षित तथा तेज़ होगा। उन्होंने रेलवे अधिकारियों से विभिन्न सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की तथा स्टेशन के संचालन और यात्री सुविधाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की।निरीक्षण के दौरान सांसद नवीन जिन्दल ने स्टेशन को और अधिक आधुनिक, सुविधाजनक एवं आदर्श रेलवे स्टेशन बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि यात्रियों की सुविधा, स्वच्छता, सुगम आवागमन, दिव्यांगजन-अनुकूल व्यवस्थाएं, बेहतर सूचना प्रणाली तथा सौंदर्यीकरण जैसे विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
इस दौरान सांसद नवीन जिन्दल ने रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर ट्रेन की प्रतीक्षा कर रहे यात्रियों से भी आत्मीय संवाद किया। उन्होंने यात्रियों से स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली तथा स्टेशन को स्वच्छ रखने का भी आग्रह किया। जिला स्तरीय कार्यक्रम सम्पन्न होने के बाद सांसद नवीन जिन्दल एक बार फिर आधुनिक थानेसर रेलवे स्टेशन पहुंचे। वहां से उन्होंने जिन्दल हाउस, मोहन नगर तक की यात्रा ई-रिक्शा से की। इस दौरान उन्होंने स्वच्छ एवं हरित परिवहन को बढ़ावा देते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और नागरिकों से प्रदूषण कम करने के लिए अधिकाधिक स्वच्छ ऊर्जा आधारित परिवहन साधनों को अपनाने की अपील की।
